
इंडिया ग्राउंड रिपोर्ट डेस्क
अहमदाबाद:(Ahmedabad) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीराबेन (mother Heeraben) का शुक्रवार को तड़के यहां एक अस्पताल में निधन हो गया।
हीराबेन (99) को स्वास्थ्य संबंधी कुछ परेशानियों के चलते बुधवार को सुबह अहमदाबाद के ‘यू एन मेहता इंस्टीट्यूट ऑफ कार्डियोलॉजी एंड रिसर्च सेंटर’ में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल ने अपने बुलेटिन में बताया, ‘‘ हीराबेन मोदी का यू एन मेहता हार्ट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 30 दिसंबर 2022 को तड़के करीब साढ़े तीन बजे निधन हो गया। ’’
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को दोपहर में दिल्ली से अहमदाबाद पहुंचे थे और यहां अस्पताल में अपनी मां से मुलाकात की थी। वह एक घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रुके थे।
उन्होंने सिविल अस्पताल के परिसर में स्थित सरकार द्वारा वित्तपोषित स्वायत्त चिकित्सा सुविधा में चिकित्सकों से भी बात की थी।
हीराबेन गांधीनगर शहर के पास रायसन गांव में प्रधानमंत्री मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी के साथ रहती थीं। उन्हें हीरा बा भी कहा जाता है।


