spot_img

AHMEDABAD: ऑपरेशन कावेरी: सूडान से सुरक्षित निकाल कर मुंबई लाए गए गुजरात के 56 लोग अहमदाबाद पहुंचे

गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने सभी का किया स्वागत

अहमदाबाद:(AHMEDABAD) हिंसाग्रस्त सूडान से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए चल रहे ऑपरेशन कावेरी के तहत स्वदेश लाए गए गुजरात के 56 लोगों के दल को मुंबई से शुक्रवार सुबह वॉल्वो बस से अहमदाबाद लाया गया। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी (Minister of State for Home Harsh Sanghvi) ने यहां सभी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर अहमदाबाद की कलक्टर प्रवीणा डीके समेत ऑपरेशन कावेरी के साथ जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि सूडान में सेना और अर्धसैनिक बलों के बीच चल रहे संघर्ष के कारण वहां मौजूद विश्व के कई देशों के नागरिक मुश्किलों में फंस गए। ऐसी स्थिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में रेस्क्यू की योजना बनाई गयी। केन्द्रीय मंत्रियों और अधिकारियों की टीम बनाकर वायु सेना, सेना के साथ मिल कर सूडान में फंसे नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए ऑपरेशन कावेरी चलाया जा रहा है।

इसके तहत गुजरात के 56 लोगों को जेद्दा से मुंबई विशेष इवेक्युएशन फ्लाइट-सी17 से भारत लाया गया। गुजरात के लोगों को राज्य के अधिकारियों ने मुंबई में रिसीव किया। इनमें से 12 लोगों ने लौटने के लिए अपनी व्यवस्था की थी, जिसके बाकी के 44 लोगों को मुंबई से अहमदाबाद वॉल्वो बस से लाया गया। संघवी ने बताया कि गुजरात आने के बाद सबसे पहले प्रवासियों को घर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार ने उठाई है।

संघवी ने बताया कि मुंबई से प्रवासियों को अहमदाबाद लाने के बाद राजकोट जिले के 39, गांधीनगर जिले के 9, आणंद जिले के 3 और वडोदरा जिले के 5 लोगों को उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। राज्य सरकार ने सूडान में फंसे गुजरात के लोगों की सूची बनाकर विदेश मंत्रालय को दी है।

संघवी ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल के नेतृत्व में सूडान में फंसे गुजरातियों को वापस लाने के लिए गुजरात सरकार का एनआरआई विभाग, सामान्य प्रशासन विभाग, अहमदाबाद कलक्टर कार्यालय, पुलिस विभाग सभी आपसी समन्वय से काम कर रहे हैं।

Explore our articles