
मुंबई : (Mumbai) लोकप्रिय कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘हेरा फेरी 3’ (‘Hera Pheri 3’) को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मशहूर निर्देशक प्रियदर्शन (director Priyadarshan) ने अक्षय कुमार अभिनीत इस फिल्म से बाहर होते ही अब निर्माता फिरोज नाडियाडवाला (Firoz Nadiadwala) के प्रति अपना गुस्सा जाहिर किया है। प्रियदर्शन ने फिरोज पर बार-बार अपमान करने और बेइज्जत करने के आरोप लगाए हैं। इसी के साथ दावा किया है कि उनके बाहर होने के बाद अब ‘हेरा फेरी 3’ बॉक्स ऑफिस पर एक बहुत बड़ी फ्लॉप साबित होगी।
कॉपीराइट विवाद और फिरोज नाडियाडवाला की बदतमीजी
‘हेरा फेरी 3’ से अलग होने की पुष्टि करने के बाद प्रियदर्शन ने इस कॉमेडी फ्रेंचाइजी को छोड़ने की असली वजहों का खुलासा किया है।
निर्देशक ने आरोप लगाया है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला द्वारा बार-बार किए गए अपमान और इस फ्रेंचाइजी को लेकर लंबे समय से चल रहे कॉपीराइट विवाद के कारण उन्हें ये कदम उठाना पड़ा। प्रियदर्शन के मुताबिक, इन तमाम विवादों को देखकर उन्हें लग गया था कि ये फिल्म शायद अब कभी बन ही नहीं पाएगी।
फिरोज के कड़वे बोल पर छलका प्रियदर्शन का दर्द
अक्षय कुमार से हुई बातचीत को याद कर प्रियदर्शन बोले, “फिरोज ने अक्षय से कहा था, तुम्हारे पास ‘हेरा फेरी 3’ बनाने के अधिकार हैं, लेकिन इसे कभी प्रियदर्शन संग मत बनाना। मेरी बस यही एक गुजारिश है। उसने मेरी इतनी बार बेइज्जती की है। उसने मुझसे यहां तक कहा था कि ‘हेरा फेरी’ का मेरा बनाया हुआ कट किसी गरीब की फिल्म जैसा लग रहा था और उसे मेरी 5 घंटे की फिल्म को खुद एडिट करना पड़ा था।”
“मैं ‘हेरा फेरी 3’ को ‘धुरंधर’ से भी बड़ी बनाता”
प्रियदर्शन ने आगे कहा, “मैं शुरुआत में अक्षय के कहने पर इस तीसरे भाग को बनाने के लिए तैयार हो गया था, क्योंकि मुझे लगा था कि मैं इसे देश की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी बना सकता हूं। अगर मैं इसका निर्देशन करता तो इसे ‘धुरंधर’ से भी बड़ी फिल्म बना देता। अक्षय, सुनील शेट्टी और परेश रावल (Akshay, Suniel Shetty, and Paresh Rawal) ने मुझसे खुद ‘हेरा फेरी 3’ बनाने की गुजारिश की थी और जब मैंने उन्हें कहानी सुनाई तो वे सब बड़े उत्साहित थे।”
कानूनी पचड़ों में फंसी फिल्म, ‘हेरा फेरी 3’ अब कभी नहीं बनेगी
प्रियदर्शन के अनुसार, ‘हेरा फेरी 3’ की मुश्किलें 2025 में ही शुरू हो गई थीं। ‘सेवन आर्ट्स फिल्म्स’ (‘Seven Arts Films’) के जीपी विजयाकुमार ने उन्हें फोन कर आगे बढ़ने पर कानूनी विवाद की चेतावनी दी थी। उनका कहना है कि कॉपीराइट और कानूनी पचड़ों के कारण अब फैंस राजू, श्याम और बाबूराव की तिकड़ी को फिर कभी बड़े पर्दे पर साथ नहीं देख पाएंगे। प्रियदर्शन बोले, “हेरा फेरी’ पैदा हुई, ‘हेरा फेरी 2’ बीमार पड़ी और ‘हेरा फेरी 3’ खत्म हो जाएगी।”
अक्षय कुमार के साथ दोस्ती और काम जारी
भले ही प्रियदर्शन ‘हेरा फेरी 3’ से अलग हो गए, लेकिन अक्षय संग उनके रिश्ते और काम पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। इस फ्रेंचाइजी को छोड़ने की पुष्टि करने के ठीक कुछ दिनों बाद उन्होंने अक्षय के साथ अपनी अगली फिल्म का भी ऐलान कर दिया है। ये उनकी एक साथ 9वीं फिल्म होगी। आपको बता दें कि इससे पहले ये सुपरहिट जोड़ी हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘भूत बंगला’ लेकर आई थी, जिसे दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था।



