
नई दिल्ली : (New Delhi) इस बार मानसून दिल्ली-एनसीआर (Delhi-NCR) में अपनी सामान्य तारीख (27 जून) से करीब 5 दिन की देरी से पहुंचा है। राजधानी में गुुरुवार सुबह तेज हवाओं के साथ हल्की वर्षा हुई जिससे स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली।
आईएमडी (IMD) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 3 जुलाई को सुबह या दोपहर में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 30-32 डिग्री सेल्सियस और 20-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 4 जुलाई और 5 जुलाई को यही स्थिति रहेगी। रविवार के अधिकतम तापमान में कुछ बढ़ोत्तरी के आसार हैं।
मौसम विभाग (Meteorological Department) के मुताबिक, उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी (northwest Bay of Bengal) और उससे सटे उत्तरी ओडिशा-पश्चिम बंगाल तटों (North Odisha and West Bengal) पर कम दबाव का क्षेत्र बना है। अगले 5-6 दिनों के दौरान देश के मध्य हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। 3-5 जुलाई के दौरान दक्षिण गुजरात क्षेत्र, कोंकण में, 3-4 जुलाई के दौरान सौराष्ट्र, कच्छ, पश्चिमी मध्य प्रदेश में, ओडिशा में और 3-5 जुलाई के दौरान मध्य महाराष्ट्र में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 5-8 जुलाई के दौरान, पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5-7 जुलाई के दौरान, पूर्वी राजस्थान में 4-8 जुलाई के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत (Central, Eastern, Northeastern, Western, and South Peninsular India) के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 4-5 दिनों के दौरान कहीं पर हल्की और कहीं पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। इनमें से कुछ क्षेत्रों के तूफानी हवाओं से प्रभावित रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश और असम के मैदानी इलाकों में 3-6 जुलाई को गर्म तथा उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रहने के आसार हैं।



