
नई दिल्ली : (New Delhi) पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनलिस्ट लक्ष्य सेन और युवा बैडमिंटन खिलाड़ी तन्वी शर्मा (Paris Olympics semifinalist Lakshya Sen and young badminton player Tanvi Sharma) मंगलवार से अमेरिका के फुलर्टन में शुरू हो रहे यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के अभियान की अगुवाई करेंगे। प्रतियोगिता में भारत के कई अनुभवी और युवा खिलाड़ी विभिन्न वर्गों में चुनौती पेश करेंगे।
पुरुष एकल वर्ग में दूसरी वरीयता प्राप्त और विश्व रैंकिंग में 14वें स्थान पर मौजूद लक्ष्य सेन अपने अभियान की शुरुआत बेल्जियम के जूलियन करागी (Julien Karagi of Belgium) के खिलाफ करेंगे। लक्ष्य हाल ही में इंडोनेशिया ओपन में शुरुआती दौर में बाहर हो गए थे और अब वापसी की कोशिश करेंगे। प्रतियोगिता के दूसरे हिस्से में शीर्ष वरीयता प्राप्त चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। लक्ष्य का उनके खिलाफ अब तक का रिकॉर्ड 5-4 का है।
पूर्व विश्व चैम्पियनशिप रजत पदक विजेता और पांचवीं वरीयता प्राप्त किदांबी श्रीकांत (Former World Championship silver medalist and fifth-seeded Kidambi Srikanth) पहले दौर में चीनी ताइपे के लियाओ झुओ-फू से भिड़ेंगे। वहीं सनीत दयानंद का मुकाबला जापान के चौथी वरीयता प्राप्त युदाई ओकिमोतो से होगा। एस. शंकर मुथुसामी सुब्रमणियन अपने अभियान की शुरुआत क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ करेंगे।
महिला एकल वर्ग में भारत के सात खिलाड़ी मुख्य ड्रॉ में शामिल हैं। इनमें पांचवीं वरीयता प्राप्त तन्वी शर्मा (Tanvi Sharma) और छठी वरीयता प्राप्त देविका सिहाग प्रमुख हैं। 17 वर्षीय तन्वी शर्मा ने इसी महीने ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। पहले दौर में जर्मनी की यवोन ली से खेलेंगी। इस सत्र में थाईलैंड मास्टर्स और अजरबैजान इंटरनेशनल जीत चुकी देविका सिहाग (Devika Sihag) का मुकाबला पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार से होगा।
अनमोल खरब का सामना बुल्गारिया की कालोयाना नलबांतोवा से होगा। रक्षिता श्री एस क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ उतरेंगी और दूसरे दौर में उनकी संभावित भिड़ंत शीर्ष वरीयता प्राप्त मिशेल ली से हो सकती है। श्रियांशी वालिशेट्टी कनाडा की रेचल चान से खेलेंगी, जबकि तान्या हेमंत जापान की तीसरी वरीयता प्राप्त रिको गुनजी से मुकाबला करेंगी। आकांक्षा कश्यप का सामना चीनी ताइपे की तुंग सिओ-टोंग से होगा।
महिला युगल में राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जोड़ी त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद (Trisa Jolly and Gayatri Gopichand) भारत की एकमात्र प्रतिनिधि होंगी। उनका पहला मुकाबला स्पेन की पाउला लोपेज और लूसिया रोड्रिगेज की जोड़ी से होगा।
मिश्रित युगल में सातवीं वरीयता प्राप्त ध्रुव रावत और मनीषा (Dhruv Rawat and Manisha) की जोड़ी इंडोनेशिया के विरावान इहसान आदम और सेरेना कानी के खिलाफ अभियान शुरू करेगी। भारत की ओर से पुरुष युगल वर्ग में कोई जोड़ी मुख्य ड्रॉ में शामिल नहीं है।





