
नई दिल्ली : (New Delhi) दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (telecom Regulatory Authority of India) (ट्राई) के राजधानी दिल्ली में मेट्रो मार्गों पर किए गए मोबाइल नेटवर्क गुणवत्ता परीक्षण में जियो और एयरटेल (Jio and Airtel) सबसे आगे रहे, जबकि एमटीएनएल और वोडाफोन-आइडिया (MTNL and Vodafone-Idea) कई मानकों पर पिछड़ गए। इस परीक्षण में जियो ने औसतन 141 एमबीपीएस और एयरटेल ने 81 एमबीपीएस डाउनलोड स्पीड हासिल की, जबकि एमटीएनएल 4 एमबीपीएस और वोडाफोन आइडिया 23 एमबीपीएस पर रहा।
केंद्रीय संचार मंत्रालय (Union Ministry of Communications) के अनुसार अप्रैल में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट में कवरेज गैप, कॉल ड्रॉप, कॉल सेटअप सफलता दर और डेटा स्पीड जैसे प्रमुख मानकों का आकलन किया गया। यह परीक्षण दिल्ली लाइसेंस सेवा क्षेत्र में 490 किलोमीटर लंबे मेट्रो मार्गों पर किया गया। इसमें दिल्ली मेट्रो रेल निगम, नोएडा मेट्रो रेल निगम और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम के मार्ग शामिल रहे।
रिपोर्ट में बताया गया कि अपलोड स्पीड में भी एयरटेल (25.98 एमबीपीएस) और जियो (19.99 एमबीपीएस) आगे रहे, जबकि एमटीएनएल (1.84 एमबीपीएस) और वोडाफोन आइडिया (16.96 एमबीपीएस) पीछे रहे। कॉल ड्रॉप दर में एमटीएनएल का प्रदर्शन सबसे कमजोर रहा, जहां 51 कॉल ड्रॉप दर्ज किए गए। एयरटेल में 5, जियो में 8 और वोडाफोन आइडिया में 10 कॉल ड्रॉप हुए। कवरेज गैप में भी एमटीएनएल सबसे पीछे रहा, जहां 20 हजार से अधिक नमूनों में कमजोर सिग्नल दर्ज हुआ। एयरटेल, जियो और वोडाफोन आइडिया की तुलना में एमटीएनएल का नेटवर्क प्रदर्शन सबसे कमज़ोर (MTNL’s network performance was found to be the weakest compared to Airtel, Jio, and Vodafone-Idea) पाया गया।
ट्राई ने कहा कि इन परीक्षणों का उद्देश्य उपभोक्ताओं को वास्तविक समय में मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता की जानकारी देना और सेवा प्रदाताओं को अपनी सेवाओं में सुधार के लिए प्रोत्साहित करना है। परीक्षण के दौरान कवरेज, कॉल ड्रॉप दर, कॉल सेटअप सफलता दर, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे प्रमुख मानकों का आकलन किया गया।
ट्राई ने बताया कि परीक्षण के दौरान एयरटेल, एमटीएनएल, जियो और वोडाफोन आइडिया की सेवाओं का मूल्यांकन किया गया। कवरेज गैप में एयरटेल के 1280, एमटीएनएल के 20768, जियो के 1297 और वोडाफोन आइडिया के 1490 नमूनों में कमजोर सिग्नल दर्ज हुआ। कॉल ड्रॉप में एयरटेल के 5, एमटीएनएल के 51, जियो के 8 और वोडाफोन आइडिया के 10 कॉल ड्रॉप दर्ज किए गए।





