
मुंबई : (Mumbai) क्राइम, थ्रिल और वूमेन पॉवर से भरपूर फिल्म ‘द नर्मदा स्टोरी’ (The Narmada Story) का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर रिलीज हो गया है। 2 मिनट 15 सेकंड का यह ट्रेलर रहस्य, इमोशन और एक्शन का दमदार मिश्रण पेश करता है। फिल्म में रियल लाइफ आईपीएस अधिकारी सिमाला प्रसाद (IPS officer Simla Prasad) एक सशक्त महिला पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रही हैं, जिनका दमदार अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ट्रेलर ने रिलीज होते ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
ट्रेलर की शुरुआत मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से होती है, जहां पुलिस इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भदौरिया रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो जाते हैं। इसी दौरान शहर में लगातार हो रहे मिसिंग केस पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन जाते हैं। बिना किसी सुराग के उलझे इस मामले में एसआई नर्मदा रायकवार (SI Narmada Raikwar) की एंट्री होती है, जो जांच की कमान संभालती हैं। ट्रेलर में किन्नर गिरोह, पुलिस मुठभेड़, विरोध प्रदर्शन और कई भावनात्मक दृश्य कहानी को और रोमांचक बनाते हैं। “पुलिस फोर्स में जेंडर का फर्क नहीं होता, वर्दी काफी होती है” जैसे दमदार संवाद ट्रेलर को खास बनाते हैं।
फिल्म में सिमाला प्रसाद के साथ राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंजलि पाटिल, जरीना वहाब, अश्विनी कलसेकर, रघुबीर यादव, मुकेश तिवारी, शरद सिंह और इश्तियाक खान (Anjali Patil, Zarina Wahab, Ashwini Kalsekar, Raghubir Yadav, Mukesh Tiwari, Sharad Singh, and Ishtiyak Khan) अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक ज़ैग़म इमाम ने कहा कि ‘द नर्मदा स्टोरी’ सिर्फ एक क्राइम थ्रिलर नहीं, बल्कि समाज के गंभीर मुद्दों और महिला शक्ति की कहानी भी है। एबी इन्फ़ोसॉफ़्ट क्रिएशन और गोल्डन रेशियो के बैनर तले बनी यह फिल्म 12 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


