
भोपाल : (Bhopal) मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चर्चित एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा (actress and model Twisha Sharma in Bhopal) की मौत के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है। राज्य सरकार ने इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) (CBI) से कराने की सहमति दे दी है। शुक्रवार को राज्य शासन के गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी गई है।
दरअसल, बीती 20 मई को जब ट्विशा के पिता नवनिधि शर्मा (Twisha’s father, Navnidhi Sharma) पूर्व सैनिकों के साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे, तब मुख्यमंत्री ने उन्हें निष्पक्ष जांच का पूरा भरोसा दिलाया था। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया था कि सरकार पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करेगी, यहां तक कि यदि कोर्ट दोबारा पोस्टमॉर्टम के आदेश देता है, तो पार्थिव शरीर को दिल्ली एम्स तक पहुंचाने का पूरा जिम्मा भी सरकार उठाएगी। इसके अलावा राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की पुरजोर मांग उठाई थी।
गृह विभाग की अधिसूचना के अनुसार, अब दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 की धारा 6 के तहत शक्तियों का प्रयोग करते हुए मध्य प्रदेश सरकार (Madhya Pradesh government) ने इस पूरे केस का अनुसंधान सीबीआई को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी है। इसके साथ ही सीबीआई के सदस्यों को पूरे मध्य प्रदेश में इस केस से जुड़े अपराधों, साजिशों और दुष्प्रेरण की जांच करने का पूर्ण क्षेत्राधिकार दे दिया गया है।
दूसरी तरफ, इस मामले में फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत याचिका पर आज उच्च न्यायालय में अहम सुनवाई हो रही है। इस जमानत याचिका पर ट्विशा के परिजनों ने सख्त आपत्ति दर्ज कराई है। मृतका के पिता नवनिधि शर्मा ने आरोप लगाते हुए कहा है कि आरोपित समर्थ सिंह जुलाई 2023 से अगस्त 2025 तक मध्य प्रदेश सरकार में लीगल एडवाइजर के पद पर रह चुका है। अपने इसी रसूख का फायदा उठाकर वह फरारी के दौरान भी केस की जांच को प्रभावित करने की कोशिश कर रहा है। इसके साथ ही पिता नवनिधि शर्मा ने पुलिस कमिश्नर संजय सिंह (Commissioner Sanjay Singh) को पत्र लिखकर कटारा हिल्स के थाना प्रभारी सुनील दुबे पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की है।


