
नैनीताल : (Nainital) उत्तराखंड के नैनीताल जिले (Nainital district of Uttarakhand) में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। भवालीगांव बाईपास पर अनियंत्रित कार गहरी खाई में गिर गई, जिससे एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार दोपहर करीब 2:15 बजे सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड पर ढैला गांव से करीब 500 मीटर (Sanatorium-Ratighat bypass road, about 500 meters before Dhaila village) पहले महिंद्रा कार (यूपी 32 क्यूयू 1874) अचानक नियंत्रण खोकर खाई में जा गिरी। कार में कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में दो पुरुष, दो महिलाओं और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एसएसबी और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। सभी शवों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। रेस्क्यू अभियान देर शाम तक जारी रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।


