
दो आरोपी गिरफ्तार, 26 लाख से अधिक का माल जब्त
डोंबिवली : (Dombivli) एक्सपायर हो चुके विटामिन सप्लिमेंट और हेल्थ फूड उत्पादों की एक्सपायरी डेट बदलकर उन्हें बाजार में बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कल्याण क्राइम ब्रांच (Kalyan Crime Branch) ने किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 26 लाख 63 हजार 509 रुपये कीमत का माल जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले इस मामले से इलाके में हड़कंप मच गया है।
◾ गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
क्राइम ब्रांच यूनिट-3, कल्याण के सहायक पुलिस निरीक्षक सर्जेराव पाटील (Assistant Police Inspector Sarjerao Patil of Crime Branch Unit-3, Kalyan) को सूचना मिली थी कि मोसैक वेलनेस प्रा. लि. कंपनी द्वारा निर्मित विटामिन सप्लिमेंट और हेल्थ फूड उत्पादों पर नकली एक्सपायरी डेट के लेबल लगाकर उनकी बिक्री की जा रही है।
इस सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 मई 2026 को कल्याण पश्चिम के पुराने मछली बाजार इलाके स्थित जुबेदा प्लाजा के ‘हिना मिनी बाजार’ (Assistant Police Inspector Sarjerao Patil of Crime Branch Unit-3, Kalyan) पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान दुकान मालिक अब्दुलकरीम रईस खान को हिरासत में लिया गया। उसके पास से बड़ी मात्रा में एक्सपायर हो चुके विटामिन सप्लिमेंट और खाद्य पदार्थ बरामद किए गए।
◾ गोदाम पर छापेमारी में बड़ा खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि अब्दुलकरीम खान (Abdulkarim Khan) यह माल भिवंडी निवासी बिरबल रामदुलाहार यादव से खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने भिवंडी स्थित गोदाम पर छापा मारकर भारी मात्रा में माल जब्त किया।
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एक्सपायर हो चुके उत्पादों पर लगे पुराने लेबल हटाकर उनकी जगह नई तारीख वाले नकली लेबल लगाए जा रहे थे। आरोपियों को यह जानकारी थी कि ये उत्पाद लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं, इसके बावजूद वे इन्हें बाजार में बेच रहे थे।
◾ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज
इस मामले में नेत्रिका कंसल्टिंग इंडिया प्रा. लि. कंपनी के प्रतिनिधि सचिन रमेश गोसावी (Sachin Ramesh Gosavi, a representative of Netrika Consulting India Pvt. Ltd) की शिकायत पर बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता-2023 की धारा 318(4), 336(3), 275 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सर्जेराव पाटील कर रहे हैं।
◾ कई नामी उत्पाद किए गए जब्त
पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कई तरह के विटामिन और हेल्थ सप्लिमेंट उत्पाद जब्त किए हैं, जिनमें लिटर जॉयस मिलेट चोको क्रंच, मल्टी मिलेट पास्ता, न्यूट्रिमिक्स चॉकलेट, वैनिला और स्ट्रॉबेरी फ्लेवर शामिल हैं। इसके साथ ही, इस ज़ब्त किए गए सामान में मैन मैटर्स नरिश अश्वगंधा गमीज़, बी बॉडीवाइज़ हेयर गमीज़, विटामिन सी फेस सीरम, पीनट बटर, चॉकलेट हेज़लनट स्प्रेड, मल्टीविटामिन गमीज़ और ग्लूटेन फ्री पास्ता जैसे स्वास्थ्य और सौंदर्य से जुड़े कई अन्य उत्पाद भी बरामद किए गए हैं।


