
नई दिल्ली : (New Delhi) ग्लोबल मार्केट (Global markets) से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद हुए थे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स (Dow Jones Futures) आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में भी पिछले सत्र के दौरान तेजी का रुख बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में आज आमतौर पर गिरावट का रुख बना हुआ है।
टेक्नोलॉजी स्टॉक्स (technology stocks) में आई तेजी के कारण अमेरिकी बाजार में पिछले सत्र के दौरान लगातार मजबूती का रुख बना रहा, जिसकी वजह से वॉल स्ट्रीट के सूचकांक बढ़त के साथ हरे निशान में बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 370.26 अंक यानी 0.75 प्रतिशत की मजबूती के साथ 50,063.46 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.77 प्रतिशत उछल कर 7,501.24 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 232.88 अंक यानी 0.88 प्रतिशत की बढ़त के साथ 26,635.22 अंक के स्तर पर बंद हुआ। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 116.02 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 49,947.44 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।
यूरोपीय बाजार (European markets) में पिछले सत्र के दौरान खरीदारी का माहौल बना रहा। एफटीएसई इंडेक्स 0.46 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,372.93 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह से सीएसी इंडेक्स ने 0.92 प्रतिशत की छलांग लगा कर 8,082.27 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 319.45 अंक यानी 1.31 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,456.26 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज आमतौर पर बिकवाली का दबाव बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से छह के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक मामूली तेजी के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। इंडोनेशिया के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स (Jakarta Composite Index) में आज कोई हलचल नहीं है। गिफ्ट निफ्टी 0.25 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,789.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स (Shanghai Composite Index) 0.12 प्रतिशत की बढ़त के साथ 4,183.06 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
दूसरी ओर, निक्केई इंडेक्स 794.05 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ 61,860 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 238.04 अंक यानी 0.90 प्रतिशत लुढ़क कर 26,151 अंक के स्तर तक आ गया है। कोस्पी इंडेक्स में आज जबरदस्त कमजोरी दर्ज की गई है। फिलहाल यह सूचकांक 275.66 अंक यानी 3.45 प्रतिशत टूट कर 7,705.75 अंक के स्तर तक गिर गया है।
इसी तरह ताइवान वेटेड इंडेक्स (Taiwan Weighted Index) 252.67 अंक यानी 0.61 प्रतिशत फिसल कर 41,499.08 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.30 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,534.48 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.08 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,991.78 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।


