
नई दिल्ली : (New Delhi) ओलंपियन अनीश भानवाला (Olympian Anish Bhanwala) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह मेमोरियल (Surendra Singh Memorial) शूटिंग चैंपियनशिप की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष स्पर्धा का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रेलवे का प्रतिनिधित्व कर रहे अनीश ने फाइनल में 31 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।
मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा (Suraj Sharma from Madhya Pradesh) ने 28 अंक के साथ रजत पदक जीता, जबकि पंजाब के विजयवीर सिद्धू ने शूट-ऑफ के बाद 25 अंक के साथ कांस्य पदक हासिल किया। उत्तराखंड के अंकुर गोयल 20 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।
राजस्थान के भावेश शेखावत (Bhavesh Shekhawat from Rajasthan) 17 अंक के साथ पांचवें, नौसेना के ओंकार सिंह 11 अंक के साथ छठे, हरियाणा के गौरव गुप्ता सात अंक के साथ सातवें और दिल्ली के हर्ष गुप्ता छह अंक के साथ आठवें स्थान पर रहे।
क्वालिफिकेशन दौर में अंकुर गोयल (Ankur Goel) ने 583-23x के स्कोर के साथ पहला स्थान हासिल किया। सूरज शर्मा ने भी 583 अंक बनाए, लेकिन कम इनर-10 होने के कारण उन्हें दूसरा स्थान मिला। अनीश भानवाला 582 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
जूनियर पुरुष वर्ग में सूरज शर्मा का दबदबा
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल जूनियर पुरुष वर्ग में मध्य प्रदेश के सूरज शर्मा ने 28 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा के समीर गुलिया (Sameer Gulia from Haryana) ने 27 अंक के साथ रजत पदक हासिल किया, जबकि चंडीगढ़ के यूनिश होलिंदर ने 20 अंक के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।
राजस्थान के अभिनव चौधरी चौथे, पश्चिम बंगाल के साग्निक बनर्जी पांचवें, आंध्र प्रदेश के मुकेश नेलावल्ली छठे, बीएसएफ के चंद्र राज सातवें और दिल्ली के आदित्य वर्मा आठवें स्थान पर रहे।
टीम स्पर्धा में आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट अव्वल
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष टीम स्पर्धा में आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट की टीम (Army Marksmanship Unit team) ने 1719-49x के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। हरियाणा की टीम ने समान 1719 अंक बनाए, लेकिन कम इनर-10 के कारण उसे रजत पदक से संतोष करना पड़ा। नौसेना की टीम ने कांस्य पदक हासिल किया।
50 मीटर पिस्टल स्पर्धाओं में भी कड़ा मुकाबला
50 मीटर पिस्टल पुरुष वर्ग में हरियाणा के कपिल भैंसला ने 559-12x के स्कोर के साथ स्वर्ण पदक जीता। आर्मी के रविंदर सिंह ने रजत और रेलवे के सौरभ चौधरी ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
महिला वर्ग में हरियाणा की केतन मलिक, गुजरात की वैभवी त्रिवेदी और दिल्ली की परिषा गुप्ता तीनों ने 540-6x का समान स्कोर बनाया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर केतन मलिक को स्वर्ण पदक दिया गया। 50 मीटर पिस्टल महिला टीम स्पर्धा में आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट ने स्वर्ण, दिल्ली ने रजत और राजस्थान ने कांस्य पदक जीता।
आईपीसी और मास्टर वर्ग में भी शानदार प्रदर्शन
50 मीटर पिस्टल आईपीसी मिश्रित (एसएच1) सीनियर वर्ग में दिल्ली की भक्ति शर्मा ने स्वर्ण पदक जीता। राजस्थान की सारिका अंदाना दूसरे और हरियाणा के संदीप कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
मास्टर वर्ग में भी कई अनुभवी निशानेबाजों ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग में चंडीगढ़ के बाबू राम और महिला वर्ग में चंडीगढ़ की सुमन (Suman of Chandigarh) ने स्वर्ण पदक अपने नाम किए।


