
ऑस्ट्रिया ने 3-0 से हराकर किया टूर्नामेंट से बाहर
लंदन : (London) आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल्स (ITTF World Team Table Tennis Championships Finals) में भारतीय पुरुष टीम का अभियान प्री-क्वार्टर चरण (अंतिम 32) में समाप्त हो गया। मंगलवार को खेले गए मुकाबले में ऑस्ट्रिया ने भारत को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
करीब 1 घंटा 34 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारत की ओर से मानुष शाह (Manush Shah) ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, जबकि मानव ठक्कर और साथियान ज्ञानसेकरन अपने-अपने मैच आसानी से हार गए।
मुकाबले की शुरुआत मानुष शाह ने रॉबर्ट गार्डो (Robert Gardos) के खिलाफ की। उन्होंने पहला गेम 11-6 से जीता, लेकिन इसके बाद 7-11 और 3-11 से अगले दो गेम गंवा दिए। चौथे गेम में 11-8 से वापसी करते हुए मैच निर्णायक गेम तक पहुंचाया, जहां उन्हें कड़े मुकाबले में 11-13 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच कुल 46 मिनट तक चला।
इसके बाद भारत 0-1 से पीछे हो गया और अगले दोनों मुकाबलों में भी टीम को निराशा हाथ लगी। मानव ठक्कर को डेनियल हाबेसोन (Daniel Habesohn) ने 11-7, 11-5, 11-6 से महज 10 मिनट में हराया। वहीं साथियान ज्ञानसेकरन (Sathiyan Gnanasekaran) ने थोड़ी चुनौती पेश की, लेकिन अंततः उन्हें एंड्रियास लेवेनको के खिलाफ 11-5, 11-8, 11-9 से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ भारतीय पुरुष टीम (Indian men’s team) का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।


