
भुवनेश्वर : (Bhubaneswar) ओडिशा के रायगड़ा में आज आयोजित प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (Pradhan Mantri Gram Sadak Yojana) (पीएमजीएसवाई-4) के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Union Minister Shivraj Singh Chouhan, alongside Chief Minister Mohan Charan Majhi) के साथ मिलकर सड़क, आवास, सिंचाई, रोजगार, पेयजल, महिला सशक्तिकरण और किसान समृद्धि से जुड़े अनेक सौगातें दीं । केंद्रीय मंत्री चौहान ने मंच पर ही पीएमजीएसवाई- 4का स्वीकृति-पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा, विभिन्न परियोजनाओं का शुभारंभ/शिलान्यास हुआ और हितग्राहियों को सहायता प्रदान की गई।
रायगड़ा के बरिजोला में आयोजित इस भव्य समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओडिशा, विशेषकर रायगड़ा की सांस्कृतिक गरिमा, प्राकृतिक सौंदर्य और परिश्रमी जनता की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के नेतृत्व और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे आज खाली हाथ नहीं आए बल्कि ओडिशा के लिए विकास की ठोस सौगातें लेकर आए हैं, जिनका सीधा लाभ गाँव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं तक पहुँचेगा। चौहान ने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं बल्कि जिंदगी, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और समग्र प्रगति की जीवनरेखा हैं। इसी सोच के अनुरूप प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV के प्रथम चरण में ओडिशा के लिए 1,698.04 करोड़ रुपये की लागत से 1701.84 किलोमीटर लंबाई की 827 नई सड़कों की सौगात दी गई है। साथ ही, पूर्व स्वीकृत लेकिन अपूर्ण कार्यों को पूरा करने के लिए अतिरिक्त राशि भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि कोई भी दूरस्थ क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से वंचित न रहे। केंद्रीय मंत्री चौहान ने पीएमजीएसवाई- 4का स्वीकृति-पत्र मुख्यमंत्री माझी को मंच पर सौंपा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने आवास और आजीविका पर विशेष बल देते हुए कहा कि ओडिशा में कोई भी गरीब परिवार कच्चे मकान में नहीं रहेगा और हर पात्र परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि PMAY-G के अंतर्गत लंबित आवासों को पूरा करने के लिए 630.61 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। मजदूर दिवस के अवसर पर उन्होंने मनरेगा के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम किश्त के रूप में 868.71 करोड़ रुपये का आवंटन किया।
शिवराज सिंह चौहान ने महिलाओं, किसानों और युवाओं को विकास के केंद्र में रखते हुए कहा कि गरीब बहनों को सम्मानपूर्ण जीवन, स्वावलंबन और आर्थिक सशक्तिकरण देना सरकार का संकल्प है। उन्होंने लखपति दीदी अभियान, स्वयं सहायता समूहों की उन्नति, ग्रामीण आजीविका, स्वरोजगार प्रशिक्षण, कृषि में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, एकीकृत खेती, पशुपालन, मत्स्यपालन, बकरीपालन, मधुमक्खी पालन और वृक्षारोपण आधारित आय-वृद्धि के उपायों पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि ओडिशा में प्रगतिशील खेती, बेहतर बीज, सीड विलेज, भंडारण क्षमता और एग्रीकल्चर इंफ्रा फंड के माध्यम से गोदाम निर्माण जैसे कदम किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का स्वागत करते हुए कहा कि इतनी सौगात ओडिशा के प्रति केंद्र सरकार के विशेष स्नेह और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की परिकल्पना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने की थी और आज उसी विजन को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ग्रामीण भारत की दशा और दिशा बदलने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पीएमजीएसवाई- 4को विशेष रूप से दुर्गम, पहाड़ी, दूरस्थ और अब तक संपर्क से वंचित क्षेत्रों को जोड़ने वाला परिवर्तनकारी कदम बताया।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि राज्य सरकार “समृद्ध ओडिशा, विकसित ओडिशा” के संकल्प के साथ सड़क, पुल, पेयजल, बिजली, ग्रामीण आधारभूत ढाँचा, किसानों की आय, महिलाओं के सशक्तिकरण और युवाओं के रोजगार पर मिशन मोड में कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि रायगड़ा सहित राज्य के अनेक जिलों में सड़क और आधारभूत संरचना परियोजनाएँ ग्रामीण जीवन को नई दिशा देंगी।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी (Union Minister Shivraj Singh Chouhan, Chief Minister Mohan Charan Majhi) के हाथों हितग्राहियों का सम्मान और सहायता राशि का वितरण भी हुआ। इस अवसर पर राज्य के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज व पेयजल मंत्री रबी नारायण नायक ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन तथा बड़ी संख्या में महिलाओं सहित क्षेत्र के लोग उपस्थित थे।


