
कलेक्टर ने की समीक्षा, संबंधित अधिकारियों को दिए निर्देश
बिलासपुर : (Bilaspur) अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बीच घरेलू एलपीजी (domestic LPG) की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बुधवार को कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और गैस वितरकों के साथ बैठक कर जिले में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में घरेलू गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और लोगों को घबराने या अनावश्यक रूप से सिलेंडर जमा करने की जरूरत नहीं है।
बैठक में कलेक्टर ने बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए फिलहाल होटल और उद्योगों के लिए उपयोग होने वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडरों (gas cylinders) की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी गई है। हालांकि अस्पतालों और स्कूलों को उनकी आवश्यकता के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी
जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। कलेक्टर ने गैस एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों (domestic LPG cylinders) का व्यावसायिक उपयोग किसी भी स्थिति में न होने दिया जाए। उन्होंने कहा कि एजेंसी संचालक स्वयं वितरण व्यवस्था की निगरानी करें और ब्लैक मार्केटिंग या अनधिकृत वितरण की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिले में 4.8 लाख घरेलू कनेक्शन
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में लगभग 4.80 लाख घरेलू गैस कनेक्शन हैं। तीन तेल कंपनियों के 38 गैस वितरकों के माध्यम से इन उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाए जाते हैं, जिनमें से 22 वितरक शहर क्षेत्र में संचालित हैं। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग पांच हजार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और पिछले दस दिनों से यही व्यवस्था जारी है। साथ ही गैस सिलेंडर की बुकिंग अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है।
नो-एंट्री में राहत देने का अनुरोध
बैठक के दौरान गैस वितरकों ने शहर में लागू नो-एंट्री व्यवस्था में कुछ राहत देने का अनुरोध भी किया, जिस पर कलेक्टर ने विचार करने का आश्वासन दिया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें, क्योंकि जिले में आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। बैठक में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर (Food Controller Amrit Kujur), एएफओ राजीव लोचन तिवारी, कंपनी के नोडल अधिकारी हेम प्रकाश साहू और गैस वितरक संघ के पदाधिकारियों सहित सभी एजेंसी संचालक मौजूद रहे।


