
लखनऊ : (Lucknow) होली पर्व से पूर्व आबकारी एवं कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव एस.पी. गोयल ने (Uttar Pradesh Chief Secretary S.P. Goyal) अवैध एवं जहरीली शराब के उत्पादन और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी जनपद में अवैध मदिरा के सेवन से जनहानि या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संवेदनशील जिलों की पहचान कर विशेष निगरानी, संयुक्त प्रवर्तन अभियान और विभागीय समन्वय को अनिवार्य किया गया है। आबकारी, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि अवैध निर्माण इकाइयों पर त्वरित कार्रवाई की जाए और आपूर्ति श्रृंखला को प्रारंभिक स्तर पर ही बाधित किया जाए।
अंतरराज्यीय सीमा पर विशेष सतर्कता
मुख्य सचिव (Chief Secretary) ने शराब की लाइसेंसी दुकानों, ढाबों तथा अन्य संभावित बिक्री स्थलों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। अधिक दर पर बिक्री, अवैध भंडारण या बिना अनुमति संचालन की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष सतर्कता, सघन चेकिंग और संदिग्ध वाहनों की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
समन्वित कार्य़योजना को बनाएं प्रभावी
इसके अलावा अधिकृत भांग दुकानों पर गांजा की अवैध बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने, दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने तथा त्योहार के दौरान शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए समन्वित कार्ययोजना लागू करने को कहा गया है।


