
नई दिल्ली : (New Delhi) देश के इस्पात और धातु उद्योग के जतिंदर मेहरा (Jatinder Mehra) का 24 फरवरी को निधन हो गया। वह 86 साल के थे। वह भारत के इस्पात उद्योग के सम्मानित दिग्गज थे, जिनकी दूरदृष्टि ने एस्सार समूह की कई महत्वपूर्ण उपलब्धियों को दिशा दी।
एस्सार समूह ने बुधवार को ‘एक्स’ पोस्ट पर लिखा, ‘‘एस्सार परिवार, जतिंदर मेहरा जी के निधन से बेहद दुखी है। मेहरा एस्सार समूह के धातु एवं खनन प्रभाग में वाइस चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे, जहां उन्होंने समूह के धातु एवं खनन व्यवसायों को रणनीतिक दिशा प्रदान की। समूह ने कहा कि मेहरा ने कई परिवर्तनकारी परियोजनाओं का नेतृत्व किया, विचारों को मूर्त रूप दिया। उन्होंने अपनी स्पष्ट सोच, प्रतिबद्धता एवं नेतृत्व से दलों को प्रेरित किया।
कंपनी ने बताया कि एस्सार समूह में अपने कार्यकाल के दौरान मेहरा ने हजीरा में इस्पात उत्पादन क्षमता के विस्तार और ओडिशा में प्रस्तावित पारादीप इस्पात संयंत्र सहित एकीकृत इस्पात परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व ने वैश्विक इस्पात क्षेत्र में समूह की उपस्थिति मजबूत करने में योगदान दिया। एस्सार से पहले मेहरा ने सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात उद्योग में कई वरिष्ठ पदों पर कार्य किया। वह स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (Steel Authority of India Limited) (SAIL) में कार्यकारी निदेशक रहे और बाद में राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (Rashtriya Ispat Nigam Limited) (RINL) के चेयरमैन-सह-प्रबंध निदेशक के रूप में भी सेवाएं दीं।


