spot_img

Mumbai : ‘कौन जाने आगे क्या होगा…’, प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास के बाद अरिजीत का पहला पोस्ट

Mumbai: "Who knows what will happen next..." - Arijit's first post after retiring from playback singing

मुंबई : (Mumbai) प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने के करीब एक महीने बाद अरिजीत सिंह (Arijit Singh) ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। हालांकि, उनके बयान ने जहां कुछ हद तक स्थिति स्पष्ट की है, वहीं आखिरी लाइन ने फैंस की उलझन और बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कौन जानता है कि आगे क्या होगा।

अरिजीत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा नोट शेयर करते हुए साफ किया कि फिलहाल वह नए गाने स्वीकार नहीं कर रहे हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनकी आवाज अब सुनाई नहीं देगी। उन्होंने बताया कि उनके कई अधूरे प्रोजेक्ट अभी बाकी हैं, जो आने वाले समय में रिलीज होते रहेंगे।

गायक के मुताबिक, उनके पास पहले से रिकॉर्ड किए गए और अधूरे गानों की लंबी सूची है। ये गाने इस साल और संभवतः अगले साल तक भी लगातार रिलीज होते रहेंगे। ऐसे में फैंस को उनकी आवाज सुनने का सिलसिला फिलहाल थमने वाला नहीं है।

अरिजीत ने अपने श्रोताओं के प्रति आभार जताया। उन्होंने लिखा कि यह संदेश सिर्फ उन लोगों के लिए है, जो उन्हें सुनते हैं। उन्होंने अपने फैंस को प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद देते हुए इस निर्दयी दुनिया में उनकी दयालुता की सराहना की।

अपने फैसले को लेकर हो रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने प्रशंसकों से अपील की कि वे किसी भी तरह की बहस या सफाई देने में न पड़ें। उन्होंने कहा कि बार-बार समझाने से बेहतर है शांति बनाए रखना। साथ ही उन्होंने लोगों को ध्यान, आत्म-देखभाल और आंतरिक शांति पर ध्यान देने की सलाह दी।

अपने संदेश के अंत में ‘जय देवी’ (Jai Devi) लिखते हुए अरिजीत ने जोड़ा, “वैसे, कौन जानता है कि आगे क्या होने वाला है।” उनकी इसी पंक्ति ने फैंस के बीच नई अटकलों को जन्म दे दिया है। फिलहाल, यह साफ है कि अरिजीत सिंह पूरी तरह संगीत से दूर नहीं जा रहे हैं, लेकिन उनका भविष्य क्या होगा, इस पर सस्पेंस अब भी कायम है।

Explore our articles