
इस्लामाबाद : (Islamabad) पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (Pakistan Tehreek-e-Insaf) (PTI) के संस्थापक और अपदस्थ प्रधानमंत्री इमरान खान (Prime Minister Imran Khan) को आंखों के इलाज के लिए मंगलवार को सुबह होने से पहले राजधानी के पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (Pakistan Institute of Medical Sciences) (PIMS) लाया गया। पिम्स अस्पताल में उनकी प्रभावित आंख की नजर वापस लाने में मदद के लिए दूसरा इंजेक्शन दिया गया।
दुनिया न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान को इससे पहले 24 और 25 जनवरी को भी यहां लाया गया था। उन्हें एक बार फिर खराब आंख के इलाज के लिए अदियाला जेल से दूसरी बार कड़ी सुरक्षा के बीच पिम्स अस्पताल (Adiala Jail to PIMS Hospital) में शिफ्ट किया गया।
डॉक्टरों ने उनकी आंखों की देखभाल के लिए तीन इंजेक्शन लिखे थे। इसमें से दूसरा इंजेक्शन लगवाने के लिए उन्हें पिम्स लाया गया। करीब एक घंटे अस्पताल में रहने के बाद उन्हें वापस जेल भेज दिया गया। पिम्स में उनके दिल की स्थिति भी चेक की गई। उन्हें तीसरा इंजेक्शन 23 मार्च को लगेगा। पिम्स ने बयान में कहा कि खान के दो टेस्ट किए गए। दोनों टेस्ट में कार्डियक फंक्शन नॉर्मल दिखा।
इमरान की सेहत सरकार और विपक्ष के बीच झगड़े का मुद्दा बन गई है। इमरान की सेहत की रिपोर्ट उनके वकील और उच्चतम न्यायालय के एमिकस क्यूरी बैरिस्टर सलमान सफदर (Barrister Salman Safdar) ने न्यायालय को सौंपी थी। रिपोर्ट से पता चला है कि इमरान की आंखों में गंभीर बीमारी है। इस बीमारी को सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन कहते हैं। यह समस्या आमतौर पर अधिक उम्र के लोगों को होती है और यह हाई ब्लड प्रेशर, हाई कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज और दिल की बीमारी जैसे दिल की बीमारी से जुड़ी होती है। पिम्स ने कहा कि इमरान खान को फॉलो-अप सलाह और प्रिस्क्रिप्शन के साथ डिस्चार्ज कर दिया गया।


