spot_img

New Delhi : सप्ताह के पहले दिन शेयर बाजार में लिवाली का जोर, मजबूती के साथ बंद हुए सेंसेक्स और निफ्टी

New Delhi: The stock market witnessed strong buying on the first day of the week, with the Sensex and Nifty closing with gains.

बाजार की मजबूती से निवेशकों ने एक दिन में कमाए 1.96 लाख करोड़ रुपये
नई दिल्ली : (New Delhi)
घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) सप्ताह के पहले कारोबारी दिन आज मजबूती के साथ बंद हुआ। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों ने पहले 15 मिनट में ही जोरदार छलांग लगाई। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 0.58 प्रतिशत और निफ्टी 0.55 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान पीएसयू बैंक, फार्मास्यूटिकल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर के शेयरों में लगातार खरीदारी होती रही। इसी तरह ऑयल एंड गैस, एफएमसीजी, ऑटोमोबाइल, कैपिटल गुड्स और पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज इंडेक्स भी बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, आईटी, टेक, मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों में बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में आज मिला-जुला कारोबार होता रहा। निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ बंद हुआ। इसके विपरीत स्मॉलकैप इंडेक्स ने 0.30 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट (strong stock market performance today) के निवेशकों की संपत्ति में करीब दो लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 469.07 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। जबकि पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 467.11 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 1.96 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,497 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 1,926 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 2,389 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 182 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,942 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 1,361 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 1,581 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 19 शेयर बढ़त के साथ और 11 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 34 शेयर हरे निशान में और 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 92.12 अंक की मजबूती के साथ 82,906.83 अंक के स्तर पर खुला।

कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। पहले 15 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स 671.44 अंक उछल कर 83,486.15 अंक के स्तर पर आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट भी आई। बिकवाली के दबाव में यह सूचकांक दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद ऊपरी स्तर से 470 अंक से अधिक टूट कर 83,011 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे सेंसेक्स 479.95 अंक की तेजी के साथ 83,294.66 अंक के स्तर पर पहुंच कर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 107.15 अंक उछल कर 25,678.40 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों ने चौतरफा खरीदारी शुरू कर दी, जिससे पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक 200.20 अंक की छलांग लगा कर 25,771.45 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में भी गिरावट आ गई। बिकवाली के दबाव में दोपहर दो बजे के थोड़ी देर बाद यह सूचकांक लुढ़क कर 25,609.35 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बनाया, जिससे यह सूचकांक निचले स्तर से 140 अंक से अधिक उछल कर 141.75 अंक की बढ़त के साथ 25,713 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से अदानी पोर्ट्स 2.93 प्रतिशत, कोटक महिंद्रा 2.22 प्रतिशत, डॉ रेड्डीज लेबोरेट्रीज 2.11 प्रतिशत, एचडीएफसी लाइफ 1.89 प्रतिशत और नेस्ले 1.65 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 2.08 प्रतिशत, इंफोसिस 1.90 प्रतिशत, विप्रो 1.89 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 1.10 प्रतिशत और सिप्ला 1.09 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

Explore our articles