
नई दिल्ली : (New Delhi) मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार (Chief Election Commissioner (CEC) Gyanesh Kumar) के नेतृत्व में चुनाव आयोग 25 से 27 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा। इस दौरान आयोग इन दोनों क्षेत्रों में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का आकलन करेगा। यहां अप्रैल में चुनाव होने की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलावा असम, केरल और पश्चिम बंगाल में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग ने इस सप्ताह असम का दौरा कर वहां की तैयारियों की समीक्षा की थी। गुवाहाटी में सीईसी कुमार (CEC Kumar) ने बताया कि असम के चुनाव कार्यक्रम तय करते समय 14 अप्रैल को पड़ने वाले बिहू पर्व का ध्यान रखा जाएगा। आम तौर पर चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले आयोग संबंधित राज्यों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेता है। इन पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त हो रहा है।


