
नई दिल्ली : (New Delhi) सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार (domestic stock market) में व्यापक बिकवाली देखी गई, जिसके परिणामस्वरूप प्रमुख सूचकांकों में तेज गिरावट दर्ज की गई। विश्लेषकों के अनुसार अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ा।
30 शेयरों पर आधारित बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) (Bombay Stock Exchange) का सेंसेक्स 1,236.11 अंक यानी 1.48 प्रतिशत गिरकर 82,498.14 के स्तर पर बंद हुआ। इससे पूर्व तीन सत्रों से बाजार में तेजी बनी हुई थी। इसी प्रकार, 50 शेयरों वाला नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 365.00 अंक यानी 1.41 प्रतिशत फिसलकर 25,454.35 पर बंद हुआ।
प्रमुख शेयरों में दबाव
सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, अडाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा, आईटीसी और पावर ग्रिड के शेयरों में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। इस बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़त देखी गई। वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड 1.02 प्रतिशत चढ़कर 71.07 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
एशियाई बाजारों का रुख
एशियाई बाजारों में मिश्रित रुझान (Asian markets witnessed a mixed trend) रहा। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी लगभग तीन प्रतिशत और जापान का निक्की करीब एक प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि हांगकांग और चीन के बाजार अवकाश के कारण बंद रहे।
उल्लेखनीय है कि पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 283.29 अंक की बढ़त के साथ 83,734.25 पर और निफ्टी 93.95 अंक चढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ था। गुरुवार को आई गिरावट ने उस तेजी पर विराम लगा दिया।


