
मुंबई : (Mumbai) साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित सितारे रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा (Rashmika Mandanna and Vijay Deverakonda) एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। भले ही दोनों कलाकारों ने अब तक अपनी शादी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने फैंस के बीच उत्सुकता और बढ़ा दी है।
दरअसल, एक पैपराजी के शेयर किए गए वीडियो में विजय देवरकोंडा के हैदराबाद स्थित घर को रोशनी और फूलों से सजा हुआ देखा जा सकता है। घर की सजावट किसी उत्सव, खासकर शादी जैसे समारोह की ओर इशारा करती नजर आ रही है। वीडियो के सामने आते ही फैंस ने कयास लगाने शुरू कर दिए हैं कि दोनों सितारे जल्द ही अपने रिश्ते को नया नाम दे सकते हैं। वीडियो में घर को दुल्हन की तरह सजाया गया है, जिसमें चारों ओर लाइटिंग और फूलों की सजावट दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर इसे लेकर फैंस लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं और दोनों कलाकारों को बधाई संदेश भी भेज रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा (Rashmika Mandanna and Vijay Deverakonda) 26 फरवरी को राजस्थान के उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस कार्यक्रम में केवल परिवार के सदस्य और करीबी रिश्तेदार ही शामिल होंगे। इससे पहले भी खबरें सामने आई थीं कि दोनों ने 3 अक्टूबर 2025 को एक निजी समारोह में सगाई की थी। हालांकि, इन खबरों की आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है, लेकिन लगातार सामने आ रहे संकेतों ने फैंस की उत्सुकता को चरम पर पहुंचा दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह चर्चित जोड़ी जल्द ही अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार करेगी।


