
मनमाड स्टेशन पर व्यापक मॉक ड्रिल का सफल आयोजन
भुसावल : (Bhusaval) भुसावल मंडल द्वारा 18 फरवरी 2026 को मनमाड रेलवे स्टेशन पर संरक्षा विभाग (Bhusaval Division, under the leadership of the Safety Department) के नेतृत्व में एक व्यापक दुर्घटना मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस संयुक्त अभ्यास में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) (National Disaster Response Force) पुणे के 30 जवान, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) धुले के 20 जवान, रेलवे के विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जिला प्रशासन, होमगार्ड, सिविल अस्पताल, सिविल डिफेंस, आपदा मित्र, निजी एजेंसियां तथा पुलिस विभाग ने सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास के दौरान आपातकालीन रेल दुर्घटना की काल्पनिक परिस्थिति का यथार्थपरक मंचन कर बचाव एवं राहत कार्यों का समन्वित प्रदर्शन किया गया।
त्वरित राहत एवं चिकित्सा प्रबंधन
मॉक ड्रिल के अंतर्गत दुर्घटनाग्रस्त कोच से घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, गोल्डन आवर के भीतर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा उन्हें शीघ्र चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। राहत दलों ने यात्रियों का मनोबल बढ़ाने, उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने और परिजनों से संपर्क स्थापित कराने की कार्रवाई भी की। वाणिज्य विभाग के टिकट चेकिंग स्टाफ ने दुर्घटनास्थल (Commercial department ticket checking staff) पर घायलों को चिकित्सा बूथ तक पहुंचाने एवं राहत कार्यों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यात्रियों और उनके परिजनों को आवश्यक जानकारी देने हेतु “यात्री सहायता” बूथ भी स्थापित किए गए।
आपदा प्रबंधन क्षमता का सुदृढ़ परीक्षण
मंडल रेल प्रबंधक पुनीत अग्रवाल (Divisional Railway Manager Puneet Agarwal) के मार्गदर्शन एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक (तकनीकी) मुकेश कुमार मीना की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में यह अभ्यास सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसमें आरपीएफ, रेलवे की चिकित्सा टीम तथा दुर्घटना राहत ट्रेन से जुड़े सभी विभागों ने समन्वित सहयोग प्रदान किया। इस सफल आयोजन ने सिद्ध किया कि भुसावल मंडल किसी भी संभावित रेल आपदा की स्थिति में त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के लिए पूर्णतः सक्षम और तैयार है।


