spot_img

New Delhi : शेयर बाजार लगातार तीसरे दिन बढ़त के साथ बंद, सेंसेक्स 283 अंक उछला

नई दिल्‍ली : (New Delhi) मजबूत वैश्विक रुझान के बीच हफ्ते के तीसरे दिन बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुआ। बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज (बीएसई) (Bombay Stock Exchange (BSE))का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 283.29 अंक यानी 0.34 फीसदी उछल कर 83,734.25 के स्‍तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज (एनएसई) का (National Stock Exchange) 50 शेयरों वाला निफ्टी 93.95 अंक यानी 0.37 फीसदी की बढ़कर 25,819.35 पर बंद हुआ।

कारोबार के अंत में बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण (capitalization of BSE-listed companies) (मार्केट कैप) बढ़कर 471.89 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जबकि पिछले कारोबारी सत्र में 470.11 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का मार्केट कैप करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है, जिससे निवेशकों की संपत्ति में लगभग 1.80 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 शेयरों में बढ़त रही। वहीं, निफ्टी के 50 शेयरों में से 31 शेयरों में बढ़त रही। इसमें शामिल टाटा स्टील के शेयरों में 2.90 फीसदी की सबसे ज्यादा की तेजी रही। इसके अलावा आईटीसी, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर 1.18 फीसदी से लेकर 2.21 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि, आज कारोबार में मेटल, बैंकिंग और एफएमसीजी शेयर्स में बढ़त रही। वहीं, आईटी शेयर्स में गिरावट रही।

उल्‍लेखनीय है कि एक दिन पहले मंगलवार को बीएसई का सेंसेक्स 173.81 अंक यानी 0.21 फीसदी उछल कर 83,450.96 के स्‍तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी 42.65 अंक यानी 0.17 फीसदी चढ़कर 25,725.40 के स्‍तर पर बंद हुआ था।

Explore our articles