
लखनऊ समेत प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों में परीक्षाएं शुरु
लखनऊ : (Lucknow) माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज यूपी बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार काे प्रदेश के 8033 परीक्षा केंद्रों में शांतिपूर्ण तरीके से शुरु हुईं। राजधानी लखनऊ में माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी (Secondary Education Minister Gulab Devi) ने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर परीक्षार्थियों का मुंह मीठा कराकर उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं और याेगी सरकार (Yogi government) में नकल की बात कोई सोच भी नहीं सकता है, जबकि पिछली सरकार में ठेके पर नकल कराई जाती थी।
माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (Minister of State for Secondary Education) (Independent Charge) गुलाब देवी माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव (Secondary Education Mahendra Dev) के साथ बोर्ड परीक्षा के पहले दिन बुधवार को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जियामऊ, लखनऊ परीक्षा केंद्र पर पहुंची। उन्होंने यहां छात्राओं का टीका लगाकर मुंह मीठा कराया और गुलाब का फूल भेंट कर शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में ठेके पर नकल होती थी, लेकिन योगी सरकार में नकल के बारे में कोई सोच भी नहीं सकता। यदि कहीं ऐसा हुआ तो उसके खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी जो कभी सोचा न गया हो। माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने परीक्षार्थियों से कहा कि चिंता मुक्त होकर परीक्षा दें। यही मेरी शुभकामनाएं हैं। मंत्री ने परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने बताया कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाएं (UP Board Exam 2026 high school and intermediate examinations) आज 18 फरवरी से प्रदेश भर में आयोजित की जा रही हैं। इन परीक्षाओं में 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं । प्रयागराज और लखनऊ में राज्य स्तरीय आनलाइन मानीटरिंग सेंटर बनाए गए हैं, जहां प्रदेश भर के परीक्षा केंद्रों पर नजर रखी जा रही है। बोर्ड परीक्षाएं 12 मार्च तक संचालित की जाएंगी।
बोर्ड परीक्षा में 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल
आज से शुरु हाे रहीं बाेर्ड परीक्षाओं में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा (board exams) में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में 27,61,696 एवं इंटरमीडिएट 25,76,082 परीक्षार्थी शामिल होंगें। प्रदेश में 8033 परीक्षा केंद्र स्थापित हैं। इनमें 596 राजकीय, 3453 सहायता प्राप्त एवं 3984 निजी विद्यालय शामिल हैं।


