
जम्मू : (Jammu) आरएस पुरा सेक्टर (RS Pura sector) स्थित एक बाल सुधार गृह से सोमवार शाम दो पाकिस्तानी नागरिक और एक गैंगस्टर फरार हो गए। अधिकारियों के अनुसार कराजीत सिंह उर्फ गुग्गा, मोहम्मद सना-उल्ला और अहसान अनवर ने करीब सवा पांच बजे पुलिसकर्मियों पर हमला कर भागने में सफलता हासिल की। घटना में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालांकि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पाकिस्तानी नागरिकों (Pakistani nationals) को 24 घंटे के भीतर लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया, जबकि गैंगस्टर अभी भी फरार है।
छह पुलिसकर्मी निलंबित, जांच जारी
अधिकारियों ने बताया कि कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में एक सहायक उपनिरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई विभागीय जांच के तहत की गई है, जिसमें यह पता लगाया जाएगा कि सुरक्षा में सेंध कैसे लगी और तैनात कर्मियों से कहां चूक हुई। बंदियों के फरार होने के बाद विशेष टीम गठित कर दर्जनों स्थानों पर छापेमारी की गई, जिसके बाद दो आरोपियों को दबोचने में सफलता मिली।


