
नई दिल्ली : (New Delhi) ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एनाबेल सदरलैंड (Australia’s star all-rounder Annabel Sutherland) को प्रतिष्ठित बेलिंडा क्लार्क अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान ऑस्ट्रेलिया में किसी महिला क्रिकेटर को दिया जाने वाला सर्वोच्च व्यक्तिगत पुरस्कार है। सदरलैंड ने लगातार दूसरी बार यह अवॉर्ड जीता।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को बताया कि सदरलैंड ने 77 वोट हासिल कर यह पुरस्कार अपने नाम किया। उनसे महज तीन वोट पीछे रहीं बेथ मूनी को 74 वोट मिले, जबकि अलाना किंग 56 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष और महिला टीमों के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के कारण इस वर्ष ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पुरस्कार समारोह (Australian Cricket Awards) पारंपरिक प्रारूप में आयोजित नहीं हो सका। सदरलैंड को यह सम्मान एससीजी मेंबर्स लॉन्ग रूम में आयोजित विशेष प्रस्तुति समारोह में प्रदान किया गया।
सदरलैंड ने शानदार प्रदर्शन के दम पर वनडे प्लेयर ऑफ द ईयर का पुरस्कार भी जीता, जबकि बेथ मूनी को टी20 अंतरराष्ट्रीय प्लेयर ऑफ द ईयर (T20 International Player of the Year) चुना गया। घरेलू प्लेयर ऑफ द ईयर का सम्मान निकोला कैरी को मिला।
सदरलैंड लगातार बेलिंडा क्लार्क पुरस्कार जीतने वाली पांचवीं महिला खिलाड़ी हैं, उनसे पहले करेन रोल्टन (2002-03, 2005-06), लिसा स्थलेकर (2007-08), शेली निट्स्के (2009-12) और मेग लैनिंग (2014-15) यह पुरस्कार जीत चुकी हैं।
पुरस्कार मिलने पर सदरलैंड ने कहा कि महान खिलाड़ियों की सूची में अपना नाम जुड़ना बेहद खास है। इस समय यह अनुभव बेहद शानदार और थोड़ा अविश्वसनीय भी लग रहा है।
सदरलैंड ने कहा कि मैं बेलिंडा क्लार्क (Belinda Clark) से यह अवॉर्ड पाकर बहुत आभारी हूं। यह जानकर भी बहुत अच्छा लग रहा है कि पिछले 12 महीनों में टीम की सफलता में मेरा योगदान रहा है।
पिछले एक साल के दौरान सदरलैंड ने सभी प्रारूपों में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 15.63 की औसत से 27 विकेट झटके और 41.66 की औसत से 250 रन बनाए, जो उनके हरफनमौला कौशल को दर्शाता है।


