
नई दिल्ली : (New Delhi) नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू (Civil Aviation Minister K. Rammohan Naidu) ने शुक्रवार को बताया कि भारत अगले पांच साल में 50 नए हवाई अड्डे बनाने का लक्ष्य रख रहा है। उनका कहना है कि हवाई अड्डे रियल एस्टेट सेक्टर के लिए फ्रेमवर्क या आधार की तरह हैं और इससे देश की संपत्ति बाजार को बड़े अवसर मिलेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि हवाई अड्डों के पास इमारतों की ऊंचाई को लेकर जो बाधाएं हैं, उन्हें हल करने पर काम चल रहा है, लेकिन एविएशन सुरक्षा से समझौता नहीं होगा। भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते सिविल एविएशन बाजारों में से एक है। देश में फिलहाल 165 हवाई अड्डे चालू हैं और औसतन हर 33 दिन में नया हवाई अड्डा या टर्मिनल बनता है। राममोहन नायडू ने रियल एस्टेट उद्योग की बैठक नेरेडको की नेशनल अर्बन एंड रियल एस्टेट डेवलपमेंट कॉन्क्लेव 2026 (NAREDCO’s National Urban and Real Estate Development Conclave 2026) में कहा कि भारत का रियल एस्टेट सेक्टर 2030 तक 1 ट्रिलियन डॉलर और 2047 तक 5-7 ट्रिलियन डॉलर का होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि सिर्फ जीवन स्तर पर ध्यान नहीं, बल्कि जीवन की गुणवत्ता पर भी ध्यान देना जरूरी है।


