
पटना : (Patna) बिहार में पूर्णिया से लोकसभा सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) को शुक्रवार को बड़ी कानूनी राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट (Patna Civil Court) ने उन्हें तीन अलग-अलग मामलों में जमानत दे दी है। इनमें बुद्धा कॉलोनी थाना, कोतवाली थाना और पूर्णिया से जुड़े मामले शामिल हैं। जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है।
इससे पहले धोखाधड़ी कर मकान किराये पर लेने और कब्जा करने से जुड़े एक पुराने मामले में उन्हें जमानत मिल चुकी थी, लेकिन अन्य मामलों में राहत नहीं मिलने के कारण उन्हें बेऊर जेल में रहना पड़ रहा था। शुक्रवार को बुद्धा कॉलोनी थाना (Buddha Colony police station) में दर्ज सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। इसके अलावा कोतवाली थाना में वर्ष 2017 में दर्ज एक अन्य मामले में भी अदालत ने उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए राहत प्रदान की।
उधर, जमानत की खबर मिलते ही उनके समर्थकों में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे न्याय की जीत बताया है। राजनीतिक गलियारों में भी इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। जमानत की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जेल प्रशासन उनकी रिहाई की प्रक्रिया शुरू करेगा।
उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव को 7 फरवरी की रात पटना के मंदिरी स्थित आवास से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यह गिरफ्तारी गर्दनीबाग थाना में दर्ज 31 वर्ष पुराने मामले के सिलसिले में की गई थी। गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच नोंकझोंक भी हुई, जिसके बाद बुद्धा कॉलोनी थाना में एक और मामला दर्ज किया गया।
गिरफ्तारी के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (Indira Gandhi Institute of Medical Sciences) (IGIMS) ले जाया गया। बाद में उन्हें पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (Patna Medical College and Hospital) (PMCH) भेजा गया। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उन्हें बेऊर जेल भेज दिया गया था। अब तीन मामलों में जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई की प्रक्रिया जल्द पूरी होने की संभावना है।


