
मुंबई : (Mumbai) अभिनेत्री भूमि पेडनेकर (Actress Bhumi Pednekar) ने अपनी फिल्म ‘द लेडी किलर’ (The Lady Killer) की असफलता और उससे जुड़े विवादों पर पहली बार खुलकर बात की है। अर्जुन कपूर के साथ बनी यह क्राइम-थ्रिलर भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्मों में गिनी जाती है। भूमि ने एक इंटरव्यू में बताया कि दर्शकों ने जो फिल्म देखी, वह अधूरी थी। उनके अनुसार, फिल्म का लगभग 35 प्रतिशत हिस्सा कभी शूट ही नहीं हुआ, जबकि कलाकारों ने जो स्क्रिप्ट पढ़ी थी, वह पूरी थी।
भूमि ने कहा कि सेट पर हालात ऐसे बने कि फिल्म अधूरी ही छोड़ दी गई और जो संस्करण सिनेमाघरों में रिलीज हुआ, वह मूल कहानी से काफी अलग था। उन्होंने बताया, “मैं सदमे में थी। समझ नहीं आ रहा था कि आखिर हो क्या रहा है। काश, मुझे बेहतर जानकारी होती, शायद मैं चीजों को अलग तरह से संभाल पाती। जो फिल्म रिलीज हुई, वह उस प्रोजेक्ट से कोसों दूर थी जिसे हमने साइन किया था।” इस असफलता ने उन्हें मानसिक और पेशेवर रूप से झकझोर दिया और एक समय उन्हें लगा कि उनका करियर खत्म हो चुका है।
फिल्म का निर्देशन विकास बहल (directed by Vikas Bahl) ने किया था। 3 नवंबर 2023 को रिलीज हुई इस फिल्म का बजट लगभग 45 करोड़ रुपये बताया गया, जबकि बॉक्स ऑफिस पर यह महज 1 लाख रुपये ही कमा सकी। इतना ही नहीं, फिल्म को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी खरीदार नहीं मिला और अंततः इसे मुफ्त में यूट्यूब पर रिलीज करना पड़ा। भूमि आज भी मानती हैं कि यह अनुभव उनके लिए एक कठिन सीख साबित हुआ, जिसने उन्हें सिस्टम और फिल्म निर्माण की जटिलताओं को समझने का मौका दिया।


