
कानपुर : (Kanpur) ग्वालटोली इलाके में लैंबॉर्गिनी कार (Lamborghini car in the Gwaltoli area) से हुए हाई-प्रोफाइल हादसे में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित शिवम मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया है। तंबाकू कारोबारी के.के. मिश्रा के पुत्र शिवम (Shivam, son of tobacco businessman K.K. Mishra) को गुरुवार सुबह आर्य नगर स्थित आवास से दबोचा गया और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवम की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें लगाई गई थीं। उसके कानपुर में मौजूद होने की पुख्ता सूचना मिलते ही घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी के समय उसके हाथ में मेडिकल उपकरण (वीगो) लगा हुआ था और उसे सहारा देकर कोर्ट परिसर तक ले जाया गया।
24 घंटे बाद लिखा गया नाम
उल्लेखनीय है कि आठ फरवरी की दोपहर वीआईपी रोड पर एक तेज रफ्तार लैंबॉर्गिनी कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी थी। मामला तूल पकड़ने पर देर रात ग्वालटोली थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। प्रकरण हाई-प्रोफाइल होने के कारण चौबीस घंटे बाद पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल (Police Commissioner Raghubir Lal) ने एफआईआर में शिवम मिश्रा का नाम शामिल कराया और लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी संतोष कुमार गौड़ को लाइन हाजिर कर दिया था।
कारोबारी ने थाने पहुंच दर्ज कराया बयान
जांच के क्रम में दस फरवरी को कारोबारी के.के. मिश्रा ने थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। अगले दिन कथित चालक मोहन अदालत में पेश हुआ, लेकिन न्यायालय ने उसे आरोपी मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने जांच की दिशा बदली और अंततः शिवम मिश्रा की गिरफ्तारी की कार्रवाई अमल में लाई। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


