
भाईंदर : (Bhayander) मीरा-भाईंदर मनपा (Mira-Bhayander Municipal Corporation) में पदभार संभालते ही महापौर डिंपल मेहता (Mayor Dimple Mehta) एक्शन मोड में नजर आईं। प्रशासन के साथ पहली ही बैठक में उन्होंने शहर के विकास को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना रखते हुए कड़े तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही शहर का समग्र विकास संभव है। अवैध निर्माण न केवल शहर की सुंदरता बिगाड़ते हैं, बल्कि पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाते हैं, इसलिए इन्हें पनपने नहीं दिया जाएगा। जनता से किए गए विकास कार्यों के हर वचन को सर्वोपरि बताते हुए उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से एमबीएमसी शहर के विकास का नया अध्याय लिखेगा।
पुराने अवैध ढांचों पर भी होगी सख्त कार्रवाई
महापौर ने शहर में बढ़ते अवैध निर्माणों पर गहरी चिंता जताते हुए ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ (“zero tolerance policy”) लागू करने की घोषणा की। इसके तहत किसी भी नए अनाधिकृत निर्माण को तत्काल प्रभाव से रोका जाएगा, वहीं पुराने अवैध ढांचों पर बिना किसी दबाव के सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी अधिकारी की मिलीभगत सामने आई तो उसके खिलाफ भी कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फैसले का स्वागत
समाजसेवक जितेंद्र यादव (Social worker Jitendra Yadav) ने महापौर के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे शहर में बढ़ रहे अवैध निर्माणों पर लगाम लगेगी और भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर भी नकेल कसी जा सकेगी। उन्होंने इसे शहर के विकास और सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।


