
कोलकाता : (Kolkata) पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव (assembly elections in West Bengal) से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी (Leader of the Opposition Suvendu Adhikari) ने बुधवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें मंगलवार रात के अंधेरे में कई लोग भारतीय जनता पार्टी का झंडा (Bharatiya Janata Party flag) उतार कर जलाते नजर आ रहे हैं। इस पर शुभेंदु ने दावा किया कि भवानीपुर अब मुख्यमंत्री के लिए “सुरक्षित सीट” नहीं रही है।
शुभेंदु अधिकारी ने अपने ट्वीट में कहा कि भवानीपुर में पराजय की आशंका से तृणमूल घबराई हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि रात के समय भाजपा के झंडे उतारकर उन्हें जलाया जा रहा है। उनके मुताबिक, इस तरह की घटनाएं बताती हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी दबाव में है।
उन्होंने लिखा कि इस तरह भाजपा को रोका नहीं जा सकता। जितने झंडे हटाए और जलाए जाएंगे, जीत का अंतर उतना ही बढ़ेगा। अधिकारी ने नंदीग्राम चुनाव (Nandigram election) का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछली बार वहां की जनता ने मुख्यमंत्री को नकार दिया था और इस बार भवानीपुर की जनता भी ऐसा ही करेगी।
हालांकि, तृणमूल की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भवानीपुर सीट को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला कड़ा होने के संकेत मिल रहे हैं। गौरतलब है कि भवानीपुर सीट मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Chief Minister Mamata Banerjee) की परंपरागत सीट मानी जाती रही है।


