
नई दिल्ली : (New Delhi) कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) (Employees’ Provident Fund Organisation)अंशधारक के लिए एक बड़ी राहत लेकर आ रहा है। इसके अंशधारक एक नए मोबाइल एप्लिकेशन के जरिये यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) (Unified Payments Interface)भुगतान गेटवे का उपयोग करके अपने पीएफ का पैसा सीधे बैंक खातों में पा सकेंगे। यह ऐप अप्रैल में लॉन्च होगा, जिससे 8 करोड़ से अधिक ग्राहकों को फायदा होगा।
आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को बताया कि श्रम एवं रोजगार मंत्रालय (Ministry of Labour and Employment) एक ऐसी परियोजना पर काम कर रहा है, जिसके तहत ईपीएफ का एक निश्चित हिस्सा सुरक्षित कर दिया जाएगा, जबकि एक बड़ा हिस्सा यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिये बैंक खाते से निकासी के लिए उपलब्ध होगा। सूत्रों के अनुसार ईपीएफओ एक नया मोबाइल ऐप पेश करेगा, जिसके जरिये सदस्य यूपीआई गेटवे का उपयोग करके पैसे निकालने के साथ ही पासबुक शेष राशि जैसी अन्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
सूत्र ने बताया कि ईपीएफओ के अंशधारक मोबाइल ऐप के जरिये अपने बैंक खातों में हस्तांतरण के लिए उपलब्ध पात्र ईपीएफ शेष राशि देख सकेंगे। इसके जरिए उन्हें लेन-देन पूरा करने के लिए अपने जोड़े गए यूपीआई पिन का उपयोग करने की अनुमति दी जाएगी, जिससे बैंक खातों में धन का सुरक्षित हस्तांतरण सुनिश्चित होगा। ईपीएफओ इस सेवा का फिलहाल परीक्षण कर रहा है। इस साल अप्रैल में बड़े स्तर पर इस ऐप को पेश किए जाने की संभावना है।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के अंशधारक इस समय अपने ईपीएफ खातों तक पहुंचने और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए या तो यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) पोर्टल या ‘उमंग’ ऐप (Universal Account Number (UAN) portal or the ‘Umang’) का उपयोग करते हैं। ये सेवाएं दोनों मंच पर उपलब्ध रहेंगी, जबकि नया समर्पित ऐप ईपीएफओ ग्राहकों के लिए सेवाओं की पहुंच और वितरण में सुधार करेगा।


