
सारण : (Saran) जिले में अवैध खनन और परिवहन पर पूर्णतया लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने अपनी रणनीति और तेज कर दी है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार (District Magistrate Vaibhav Srivastava and Senior Superintendent of Police Vineet Kumar) द्वारा संयुक्त रूप से जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की एक बैठक आयोजित की गई।
समाहरणालय में आयोजित इस बैठक में जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों ने भौतिक रूप से भाग लिया, जबकि सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान अवैध खनन से संबंधित लंबित नीलाम पत्र वादों पर विशेष नाराजगी जाहिर की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों में अविलंब वारंट निर्गत कर वादों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि बकाया राशि की शत-प्रतिशत वसूली हो सके।
बैठक में अवैध खनन और परिवहन में लिप्त वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया। डीएम ने निर्देश दिया कि जब्त वाहनों पर केवल खनन अधिनियम के तहत ही नहीं, बल्कि मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जाए। इससे अवैध गतिविधियों में शामिल संचालकों पर दोहरा आर्थिक और कानूनी दबाव बनेगा। जिले में अवैध खनन को जड़ से समाप्त करने के लिए जिलाधिकारी ने सभी अबंदोबस्त घाटों की अविलंब बंदोबस्ती करने (District Magistrate ordered the immediate settlement of all unsettled ghats) का आदेश दिया। साथ ही राजस्व संग्रहण को बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने निर्देश दिया कि विभिन्न घाटों पर जप्त किए गए बालू की कीमतों में कमी करते हुए दरों में संशोधन किया जाए। इसके लिए विभाग से आवश्यक अनुमोदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया है ताकि जप्त बालू का तेजी से निस्तारण हो सके।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार (Senior Superintendent of Police Vineet Kumar) ने पुलिस अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चेक पोस्टों और बालू घाटों के आसपास पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए। प्राप्त इनपुट के आधार पर प्रभावी छापेमारी करते हुए अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई में तेजी लाएं।


