
यमुनानगर : (Yamunanagar) यमुनानगर जिले (Yamunanagar district) में रविवार को हुए हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई। खारवन रोड स्थित एक ईंट भट्ठे के समीप बने पानी से भरे गड्ढे से पांच वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया गया। मृतक बच्चा शनिवार शाम घर से खेलने के लिए निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जानकारी के अनुसार, बच्चे के लापता होने के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने रातभर उसकी तलाश की।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी गुमशुदगी की सूचना साझा की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने दोबारा खोजबीन शुरू की तो भट्ठे के पास बने करीब सात से आठ फुट गहरे गड्ढे में बच्चे का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को पानी से बाहर निकालकर तत्काल सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान साहिल (5) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले का रहने (Sahil (5), a resident of Saharanpur district in Uttar Pradesh) वाला था। परिजनों ने बताया कि साहिल के पिता मजदूरी के सिलसिले में चार माह पहले अपने परिवार के साथ यमुनानगर आए थे और खारवन रोड स्थित ईंट भट्ठे पर कार्यरत हैं। परिवार भट्ठे के समीप ही निवास करता है। घटना स्थल उनके घर से अधिक दूर नहीं बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


