नई दिल्ली : (New Delhi) ग्लोबल मार्केट (global markets) से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स भी आज फिलहाल बढ़त के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। वहीं यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणामों के साथ बंद हुए। इसी तरह एशियाई बाजारों (Asian markets) में भी आज मिला-जुला कारोबार होता हुआ नजर आ रहा है।
टेक शेयरों में आई तेजी के कारण अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान रिकवरी के मूड में नजर आए। डाउ जॉन्स करीब 190 अंक की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। इसी तरह एस एंड पी 500 इंडेक्स ने 0.23 प्रतिशत की तेजी के साथ 6,828.26 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा नैस्डेक 138.98 अंक यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,414.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स (Dow Jones Futures) आज फिलहाल 150.64 अंक यानी 0.32 प्रतिशत उछल कर 47,625.10 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।
यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करने के बाद मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स (FTSE index) 0.01 प्रतिशत की सांकेतिक कमजोरी के साथ 9,701.80 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.28 प्रतिशत की गिरावट के साथ 8,074.61 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 121.42 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की छलांग लगा कर 23,710.86 अंक के स्तर पर बंद हुआ।
एशियाई बाजार में आज मिला-जुला कारोबार होता हो रहा है। एशिया के 9 बाजार में से 5 के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि 4 सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बने हुए हैं। गिफ्ट निफ्टी 130 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 26,076.50 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स (Hang Seng Index) 254.05 अंक यानी 0.98 प्रतिशत टूट कर 25,841 अंक के स्तर तक गिर गया है। इसके अलावा शंघाई कंपोजिट इंडेक्स (Shanghai Composite Index) 0.09 प्रतिशत लुढ़क कर 3,894.22 अंक के स्तर पर और सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.05 प्रतिशत फिसल कर 1,276.93 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।
निक्केई इंडेक्स 766.55 अंक यानी 1.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ 50,070 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह कोस्पी इंडेक्स 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,046.47 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा ताइवान वेटेड इंडेक्स 0.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ 27,715.96 अंक के स्तर पर, स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स (Straits Times index) 0.24 प्रतिशत की छलांग लगा कर 4,548.73 अंक के स्तर पर और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स (Jakarta Composite Index) 0.23 प्रतिशत उछल कर 8,636.88 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।


