मुंबई : (Mumbai) संभाजी नगर जिले के पैठण तहसील के कडेथान गांव (Kadethan village, Paithan tehsil, Sambhaji Nagar district) में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के चलते एक बेटे ने अपने पिता की हत्या कर शव घर में ही गाड़ दिया। घटना का खुलासा तब हुआ जब शव सड़ने से उठ रही दुर्गंध से परेशान पड़ोसियों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पाचोड़ पुलिस स्टेशन के सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन (Police Inspector Sachin Pandit of Pachod Police Station) ने बताया कि कडेथान गांव के निवासी कल्याण बाबुराव काले अपने सौतेले बेटे रामेश्वर काले के साथ रहते थे। करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ। इसी गुस्से में रामेश्वर ने अपने पिता की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने घर में ही गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया।
कुछ दिनों बाद घर से बदबू आने लगी, जिसके बाद पड़ोसियों ने इसकी शिकायत पुलिस से की। शिकायत मिलने पर पाचोड़ पुलिस की टीम शनिवार को मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान घर के अंदर दबा हुआ शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने रामेश्वर काले को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने पिता की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है। मामले की आगे जांच जारी है।


