मुंबई : (Mumbai) महाराष्ट्र के सातारा में महिला डॉक्टर आत्महत्या (female doctor suicide case in Satara, Maharashtra) मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस मामले के दूसरे आरोपित ने फलटन पुलिस थाने में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद उसे गिरफ़्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के सातारा जिले में महिला डॉक्टर आत्महत्या मामले में दूसरे आरोपित निलंबित पुलिसकर्मी गोपाल बदने (policeman Gopal Badne) ने खुद फलटण पुलिस स्टेशन में जाकर आत्मसमर्पण कर दिया है। फलटण पुलिस ने गोपाल बदने से एक घंटे तक पूछताछ की, इसके बाद बदने को न्यायालय में पेश करने वाली है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि फलटण उपजिला अस्पताल में एक महिला चिकित्सा अधिकारी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने शनिवार को संदिग्ध प्रशांत बनकर (Prashant Bankar) को गिरफ्तार किया था, जिसे न्यायालय ने चार दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया था। इसके बाद इस मामले के दूसरे मुख्य संदिग्ध आरोपित गोपाल बदने की गहन तलाश चल रही थी। उसकी तलाशी के लिए दो टीमें भेजी गईं थीं, लेकिन बदने ने आज तडक़े फलटण पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया। बदने से पूछताछ की जा रही है, उसे आज ही न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गोपाल बदने ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने के बाद मीडिया से कहा, “मैं ईमानदार हूं। अदालत जो भी फैसला देगी, उस पर मुझे भरोसा है। मुझे पुलिस प्रशासन पर भी भरोसा है।”
उल्लेखनीय है कि फलटण शहर के एक नामी होटल में उपजिला अस्पताल की महिला डॉक्टर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। इस घटना के बाद फलटण समेत पूरे राज्य में हडक़ंप मच गया। उसने अपनी आत्महत्या का कारण अपने हाथ पर लिखा था, जिसमें उल्लेख किया गया था कि पुलिसकर्मी गोपाल बदने ने उसके साथ चार बार बलात्कार किया और पुलिसकर्मी तथा मकान मालिक प्रशांत बनकर ने उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया।
इस घटना की जानकारी मिलते ही महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Chief Minister Devendra Fadnavis) के आदेश के बाद दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया । इस घटना की गहन छानबीन जारी है।
इस बीच कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार (Congress leader Vijay Wadettiwar)ने आज कहा कि आरोपित जब पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण करता है, इसका अर्थ पुलिस टीम या तो आरोपित को बचाने का प्रयास कर रही है या फिर पुलिस फरार आरोपितों को ढ़ूढने असमर्थ हैं। वडेट्टीवार ने कहा कि इस मामले में प्रत्यक्ष और परोक्ष आरोपितों की गहन छानबीन की जानी चाहिए।
कांग्रेस नेता की प्रतिक्रिया के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि इस मामले की गहन छानबीन जारी है। इस घटना में जिसका भी प्रत्यक्ष अथवा परोक्ष सहभाग रहेगा, उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि यह घटना संवेदनशील है, इसलिए इस घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।



