नई दिल्ली : (New Delhi) कॉस्मेटिक्स प्रोडक्ट्स और डिवाइसेज की बिक्री करने वाली एस्थेटिक मेडिकल कंपनी आकार मेडिकल टेक्नोलॉजीज (Shares of Aakar Medical Technologies) के शेयरों की आज स्टॉक मार्केट में मजबूत लिस्टिंग हुई। हालांकि लिस्टिंग के थोड़ी देर बाद ही बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण कंपनी के शेयरों पर लोअर सर्किट लग गया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 72 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी एंट्री 4.17 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 75 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने से ये शेयर लुढ़क कर 81.25 रुपये के लोअर सर्किट लेवल तक पहुंच गया। इस तरह कंपनी के आईपीओ निवेशकों (IPO investors) को आज पहले दिन ही 1.04 प्रतिशत का नुकसान हो गया।
आकार मेडिकल टेक्नोलॉजीज का 27 करोड़ रुपये का आईपीओ 20 से 24 जून के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 2.28 गुना सब्सक्राइब हो सका था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (qualified institutional buyers) (QIB) के लिए रिजर्व पोर्शन 3.51 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (non-institutional investors) (NII) के लिए रिजर्व पोर्शन में 1.48 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.93 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 37,50,400 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।
कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 2.15 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2023-24 में बढ़कर 2.87 करोड़ रुपये और 2024-25 में 6.04 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 37 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) से बढ़ कर 61.76 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।


