spot_img

Kiev/Moscow : यूक्रेन का हवाई हमले में मिग-31,एसयू-34 को मार गिराने और रूस का 479 ड्रोन दागने का दावा

कीव/मॉस्को : (Kiev/Moscow) यूक्रेन और रूस के बीच छिड़े युद्ध में दोनों देशों में से कोई कम नहीं है। दोनों एक-दूसरे की जमीं पर खूनी जंग में उलझे हुए हैं। कहीं इमारतें जल रही हैं। कहीं सैन्य ठिकाने और तोपखाने ध्वस्त हो रहे हैं, तो कहीं हवाई अड्डों को उड़ाया जा रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के विस्फोटों से आसमान धुआं-धुआं हो रहा है। यूक्रेन ने आज सुबह रूस के मिग-31और एसयू-34 को मार गिराने का दावा किया, तो रूस ने यूक्रेन पर 479 ड्रोन हमले कर लोगों की नींद उड़ा दी।

द कीव पोस्ट अखबार (The Kiev Post newspape) के अनुसार यूक्रेन के सशस्त्र बलों ने रात को रूस के सवासलेका एयरबेस (Russia’s Savasleka airbase) पर हवाई हमला कर उसके दो युद्धक विमानों मिग-31 और एसयू-34 (MiG-31 and SU-34) को मार गिराया। कीव ने ऑपरेशन स्पाइडरवेब के बाद रूस के अंदर एयरफील्ड को निशाना बनाकर उसको नाकों चने चबवा दिए। यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने आज कहा कि यूक्रेन की सशस्त्र सेनाओं ने रूस के निजनी नोवगोरोड क्षेत्र में एक सैन्य हवाई क्षेत्र पर रातभर हमले किए। यह हवाई क्षेत्र यूक्रेन की सीमा से लगभग 650 किलोमीटर दूर है।

यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों के अनुसार रूस सावसलेका हवाई क्षेत्र से मिग-31के लड़ाकू विमानों का उपयोग किंजल हाइपरसोनिक मिसाइलों (Kinzhal hypersonic missiles) को ले जाने के लिए करता है। इस हमले में मिग-31 के अलावा एसयू-30 या एसयू-34 को भी तबाह कर दिया गया। इससे पहले यूक्रेन की वायुसेना ने 7 जून को एफ-16 वाइपर लड़ाकू विमान से रूस के कुर्स्क क्षेत्र में अमेरिका की एआईएम-120 एएमआरएएएम मिसाइल का उपयोग करके रूसी एसयू-35 लड़ाकू बमवर्षक को मार गिराया था। यूक्रेन के सैन्य अधिकारियों ने कहा कि हमलों का उद्देश्य रूस की हवाई क्षमता को कम करना है।

इन अधिकारियों का दावा है कि उसके हमलों से रूस को सात बिलियन डॉलर तक का नुकसान हुआ है।

द मास्को टाइम्स अखबार (The Moscow Times newspaper) की खबर के अनुसार यूक्रेन की वायुसेना ने सोमवार को पुष्टि की रूस ने यूक्रेन में रात भर हवाई हमलों में रिकॉर्ड 479 ड्रोन दागे। इससे देश भर में इमारतों को नुकसान पहुंचा। पश्चिमी यूक्रेन के शहर रिव्ने के मेयर ने इसे युद्ध की शुरुआत के बाद से अपने क्षेत्र पर सबसे बड़ा हमला कहा है। यूक्रेनी बलों ने कहा कि उन्होंने 460 ड्रोन को मार गिराया। इस दौरान दागी गईं 20 मिसाइलों में से 19 को भी मार गिराया।

यूक्रेन ने यह भी कहा कि उसने रूस में एक इलेक्ट्रॉनिक्स फैक्टरी पर रात भर हमला किया। इस फैक्टरी में ड्रोन के लिए घटक बनाए जाते थे।

रूस में स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि हमले के बाद संयंत्र का उत्पादन अस्थाई रूप से निलंबित करना पड़ा। इस बीच रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव(Russian presidential spokesman Dmitry Peskov) ने इस बात पर अटकलें लगाने से परहेज किया कि क्या कीव के साथ गंभीर रूप से घायल युद्धबंदियों और मृत यूक्रेनी सैनिकों के शवों को वापस करने के लिए आज आदान-प्रदान हो सकता है। पेसकोव ने प्रेस ब्रीफिंग (press briefing) में एक सवाल के जवाब में कहा, “जहां तक ​​आज का सवाल है, आइए इंतजार करें और देखें।”

Explore our articles