spot_img

Palamu : ननद की बारात आने से पहले भाभी ने की खुदकुशी

पलामू : (Palamu) ननद की बारात आने से पहले भाभी ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। महिला अपने पति के अफेयर से नाराज थी। बुधवार को ननद की बारात आने वाली थी। इससे पहले ही भाभी की मौत हो जाने से शादी की खुशियां मातम में बदल गयी। दूसरी ओर ससुराल से लाने पर एक नवविवाहिता ने फांसी के फंदे पर लटकर जान दे दी। वह ससुराल आना नहीं चाहती थी। जबरन लाए जाने पर उसने यह कदम उठाया। दोनों घटनाएं पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई।

पहली घटना रबदा गांव में हुई। यहां उषा देवी ( 25) पति विकास कुमार रवि ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति की किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध था। पत्नी अक्सर विरोध करती थी। मंगलवार की रात महिला का उसके पति विकास कुमार रवि के साथ दूसरी महिला को शादी में नहीं बुलाने को लेकर विवाद हुआ। महिला अपने रूम में सोने गई। बुधवार सुबह उसका शव फंदे पर लटका मिला।

उषा देवी की 5 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। 3 वर्ष का एक बेटा है। घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर एमएमसीएच मेदिनीनगर में पोस्टमार्टम कराया एवं परिजनों को सौंप दिया।

थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बताया कि अभी तक मृतक के परिजनों के द्वारा किसी तरह का आवेदन नहीं दिया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

ससुराल में फंदे पर लटका मिला नव विवाहिता का शव

चैनपुर थाना क्षेत्र के मतौली गांव में नवविवाहिता सविता कुमारी (19), पति जितेंद्र कुमार का शव फंदे पर लटका मिला। मंगलवार रात में फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। बुधवार को उसके शव का पोस्टमार्टम किया गया।

चैनपुर के थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा ने बुधवार काे बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला का किसी अन्य युवक से साथ अवैध संबंध की बात सामने आ रही है। मई महीने में जितेंद्र की शादी गढ़वा में हुई थी। शादी के बाद लड़की ससुराल आई, फिर मायके गई। गत रविवार को उसका पति उसे लेने गया। वह नहीं आना चाह रही थी पर परिजनों के दबाव में आकर दोबारा सोमवार को ससुराल आई। मंगलवार शाम पति एवं ससुराल पक्ष के सदस्य बाजार करने गए थे। इसी क्रम में महिला ने खुदकुशी कर ली है। मृतक के परिजनों की ओर से अब तक आवेदन नहीं दिया गया। आवेदन आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Explore our articles