spot_img

Mumbai : रोकी गई वर्ली से आचार्य अत्रे मार्ग तक मेट्रो सेवा

मुंबई : (Mumbai) मुंबई में हुई भारी बारिश के कारण वर्ली स्थित आचार्य अत्रे चौक मेट्रो स्टेशन पानी में डूब गया। इससे मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमएमआरसी) और सरकार पर सवाल उठने लगे हैं। बीकेसी से वर्ली तक मेट्रो -3 का उद्घाटन हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किया था। फिलहाल एमएमआरसी ने वर्ली से आचार्य अत्रे मार्ग तक मेट्रो सेवा को अस्थाई अवधि के लिए रोक दिया है।

इस मामले को लेकर एमएमआरसी ने स्पष्टीकरण दिया है भारी बारिश के कारण डॉ. एनी बेसेंट रोड पर स्थित आचार्य अत्रे चौक मेट्रो स्टेशन के निर्माणाधीन प्रवेश व निकासी मार्ग में पानी घुस गया। यह घटना उस समय घटी जब सीवेज नाले से अचानक पानी आने के कारण आरसीसी की दीवार ढह गई। यह दीवार प्रवेश व निकास संरचना को सुरक्षित करने के लिए बनाई गई थी। वह भाग वर्तमान में निर्माणाधीन है और वहां जनता नहीं जा सकती है।

यह काम 10 जून तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वर्ली और आचार्य अत्रे चौक के बीच ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। लेकिन आरे जेवीएलआर से वर्ली तक ट्रेन सेवाएं प्रभावित नहीं हैं और नियमित रूप से चल रही हैं. मेट्रो-3 के इंजीनियर और सुरक्षा टीमें युद्धस्तर पर काम कर रही है।

Explore our articles