spot_img

Barrackpur : सऊदी अरब से हताश मज़दूरों ने अर्जुन सिंह से लगाई गुहार

हम फंसे हुए हैं, हमें वापस लाएं
हालीशहर के करीब 50 प्रवासी मज़दूर आठ महीने से सऊदी अरब में फंसे, बगैर वेतन और वापसी की अनुमति के दिन काट रहे हैं
बैरकपुर : (Barrackpur)
सऊदी अरब में रोजगार की तलाश में गए उत्तर 24 परगना के हालीशहर इलाके के लगभग 50 मज़दूर पिछले आठ महीने से बेहद कठिन परिस्थितियों में फंसे हुए हैं। इन मज़दूरों का आरोप है कि उन्हें न तो वेतन दिया जा रहा है और न ही उन्हें घर लौटने की अनुमति मिल रही है। स्थिति इस कदर बदतर हो चुकी है कि उनमें से एक मज़दूर, रवि प्रताप सिंह, ने बैरकपुर के पूर्व सांसद अर्जुन सिंह (MP Arjun Singh) से वीडियो संदेश के माध्यम से मदद की गुहार लगाई है।

वीडियो संदेश में रवि ने कहा कि हम पिछले आठ महीने से सऊदी अरब में फंसे हैं। हम सभी पश्चिम बंगाल के निवासी हैं, करीब 50 से 60 लोग हैं। अर्जुन सिंह से अनुरोध है कि हमें यहां से निकालने की व्यवस्था की जाए।

रवि की इस अपील के सामने आने के बाद उनके परिवार ने भी स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर मदद की मांग की है। उनके पिता अभिमन्यु सिंह ने बताया कि बेटा दो साल पहले सऊदी गया था। पहला साल सब कुछ ठीक था, लेकिन पिछले आठ महीने से वह लगातार परेशानियों में है। हमने अर्जुन सिंह से मदद मांगी है, उन्होंने आश्वासन दिया है।

रवि की पत्नी जूई सिंह (Ravi’s wife Jui Singh) ने कहा कि ना तो उन्हें वेतन मिल रहा है और ना ही खाना सही से दिया जा रहा है। अब तो उन्हें घर भी नहीं लौटने दिया जा रहा है। हम प्रशासन से गुहार लगाते हैं कि मेरे पति को जल्द से जल्द वापस लाया जाए।

इस पूरे मामले पर अर्जुन सिंह (Arjun Singh) ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुझसे संपर्क किया गया था और मैंने केंद्र सरकार को सूचित किया है। प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और गृह मंत्री को पत्र भेजा गया है। मुझे पूरी उम्मीद है कि बहुत जल्द उन सभी को वापस लाया जा सकेगा।

Explore our articles