अररिया : (Araria) महाराष्ट्र के नागपुर स्थित एमआईडीसी बोटी बोरी पुलिस चौकी और भरगामा पुलिस के सहयोग से मिल में बंधक बने एक मजदूर को पुलिस ने बुधवार को सकुशल घर वापसी कराई।भरगामा वीरनगर विषहरिया के रहने वाले सामाजिक कार्यकर्ता असलम बेग ने बंधक बने मजदूर जियाउर्रहमान की सकुशल वापसी को लेकर अथक प्रयास किया।
भरगामा वीरनगर पश्चिम पंचायत के खलीलाबाद के रहने वाले जियाउर्रहमान को पिछले एक माह से मिल में बंधक बनाकर रखा गया था और जबरन उनसे मजदूरी कराई जा रही थी।असलम बेग ने मामले में भरगामा पुलिस के साथ एमआईडीसी बोटी बोरी पुलिस से संपर्क कर मामले की सारी जानकारी दी,जिसके बाद भरगामा थाना पुलिस के तकनीकी सहयोग और एमआईडीसी बोटी बोरी पुलिस के सहयोग से जियाउर्रहमान को कल कारखाना से मुक्त कराया गया और फिर परिजन उसे अपने साथ लेकर बुधवार को गांव पहुंचे।
जियाउर्रहमान के परिजन ने भरगामा थाना में उनके अपहरण का मामला दर्ज कराया था। जियाउर्रहमान से फैक्ट्री में बंधुआ मजदूरी का काम कराया जा रहा था। पुलिस ने उन्हें बरामद कर उनके पिता को सौंप दिया है।परिजनों ने भरगामा पुलिस के साथ साथ सामाजिक कार्यकर्ता असलम बेग और एमआईडीसी बोटी बोरी पुलिस के मो. हसनैन को जियाउर्रहमान के सकुशल वापसी पर हृदय से आभार व्यक्त किया।


