spot_img

Ballia : सिकंदरपुर दियारे में पाॅलिथीन में मिला मानव अंग

बलिया : (Ballia) जिले में सिकंदरपुर थाने के खरीद गांव के समीप सरयू नदी घाट की तरफ जाने वाले रास्ते के बगल में स्थित एक बाग में पाॅलिथीन में लिपटे मानव के दो हाथ व दो पैर मिलने से सनसनी फैल गई। शनिवार दोपहर में सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मानव अंगों को एकत्रित कर पोस्टमार्टम एवं डीएनए टेस्ट के लिए भेज दिया। पुलिस के साथ ही आसपास के ग्रामीणों का भी अनुमान है कि किसी व्यक्ति की हत्या कर उसके अंग अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार खरीद गांव के उत्तर तरफ स्थित बाग़ में एक महिला ने मानव के दो पैर व दो हाथ देखा। मानव अंग एवं पाॅलिथीन में कहीं भी खून नहीं लगा हुआ था। इसकी जानकारी महिला ने गांव के एक व्यक्ति को दी। जिसके बाद उसने डायल 112 पुलिस को इस सम्बन्ध में सूचना दी। जानकारी मिलते ही मौके पर एसपी ओमवीर सिंह, एडिशनल एसपी (उत्तरी) अनिल कुमार झा, सीओ सिकन्दरपुर गौरव कुमार शर्मा सहित कई थानों की पुलिस एवं फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। पुलिस जांच में जुट गई है। इस सम्बन्ध में एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि खरीद गांव के पास बगीचे में किसी मानव के दो हाथ व दो पैर मिले हैं। दोपहर करीब बारह बजे मिली इस सूचना पर पुलिस की फील्ड यूनिट तत्काल पहुंच गई थी। बताया कि अंग को पोस्टमार्टम और डीएनए टेस्ट के लिए भेजा जा रहा है। इसके बाद ही कुछ पता चल सकेगा कि यह अंग पुरुष का है या महिला का। बताया कि वैसे अनुमान है कि अंग पुरुष का ही है। आसपास के क्षेत्र में पुलिस खोजबीन कर रही है। ताकि मानव के अन्य अंगों की जानकारी मिल सके।

Explore our articles