spot_img

New Delhi : पटियाला हाउस कोर्ट ने तहव्वुर राणा को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजा

नई दिल्ली : (New Delhi) दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने 2008 में 26 नवंबर को मुंबई में हुए आतंकी हमलों के साजिशकर्ता तहव्वुर राणा को 6 जून तक की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तहव्वुर राणा की एनआईए हिरासत खत्म हो रही थी, जिसके बाद आज उसे कोर्ट में पेश किया गया था।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट से प्रत्यर्पण के खिलाफ राणा की याचिका खारिज किए जाने के बाद उसे भारतीय एजेंसियों की एक टीम लाई थी। एनआईए ने 10 अप्रैल की शाम को तहव्वुर को दिल्ली के पालम वायु सेना अड्डे पर उतरते ही गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद कोर्ट ने 10 अप्रैल को तहव्वुर राणा को 28 अप्रैल तक की एनआईए की हिरासत में भेजा था। कोर्ट ने 28 अप्रैल को तहव्वुर राणा की एनआईए हिरासत आज तक के लिए बढ़ा दी थी। 24 अप्रैल को कोर्ट ने तहव्वुर राणा को अपने परिवार के सदस्यों से बात करने की अनुमति की मांग खारिज कर दी थी। कोर्ट में 3 मई को तहव्वुर राणा के आवाज और लिखावट के नमूने लिए गए थे।

तहव्वुर राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई नागरिक है। 2008 के मुंबई आतंकी हमलों के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक अमेरिकी नागरिक डेविड कोलमैन हेडली उर्फ दाऊद गिलानी का करीबी सहयोगी है। 64 वर्षीय तहव्वुर राणा के समर्थन की वजह से उस समय भारत में हेडली की आवाजाही आसान हो गई थी। पाकिस्तानी मूल के तहव्वुर राणा और डेविड कोलमैन हेडली बचपन के दोस्त थे और दोनों ने एक ही सैनिक स्कूल से पढ़ाई की थी। तहव्वुर राणा ने डेविड कोलमैन हेडली की मदद के लिए मुंबई में एक एजेंसी खोली थी।

Explore our articles