अतिरिक्त मनपा आयुक्त बांगर ने दिए काम जल्द पूरा करने के निर्देश
मुंबई : (Mumbai) अतिरिक्त मनपा आयुक्त (परियोजना) अभिजीत बांगर ने मुंबई शहर में चल रहे ब्रिजों के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देश दिया है कि सतर्कता बरती जानी चाहिए कि मुंबई महानगर क्षेत्र में फ्लाईओवर के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा हो जाने चाहिए। इसके लिए रेलवे, परिवहन और पुलिस से समन्वय स्थापित किए जाएं।
मुंबई में कई फ्लाईओवर के काम प्रगति पर हैं। मनपा रेलवे पटरियों पर पुल बनाने का काम कर रही है। इसमें मुख्य रूप से बेलासिस, कर्नाक और सायन फ्लाईओवर शामिल हैं। बांगर ने इन कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने रेल, परिवहन, पुलिस और मनपा अधिकारियों के साथ बैठक की और जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि बेलासिस ब्रिज 30 नवंबर 2025 तक, कर्नाक ब्रिज 10 जून 2025 तक और सायन फ्लाईओवर 31 मई 2026 तक यातायात के लिए खुल जाना चाहिए। बांगर ने बताया कि सायन फ्लाईओवर को 31 मई 2026 तक पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। सायन के पश्चिमी हिस्से में ‘बेस्ट’ वाहनों का स्थानांतरण 27 अप्रैल 2025 तक पूरा हो जाएगा। पेड़ों की शाखाओं को छांटने की अनुमति मनपा द्वारा दी जाएगी। रेलवे विभाग द्वारा पैदल यात्री पुल (एफओबी) का कार्य पूरा होने के बाद जून महीने में यह मनपा के अधीन आ जाएगा। इसके बाद रेलवे डिवीजन के अंतर्गत पुल के शेष ध्वस्तीकरण का कार्य किया जाएगा। रेलवे विभाग द्वारा सार्वजनिक अंडरपास के लिए भूमि अगस्त महीने में उपलब्ध कराई जाएगी। मानसून में काम शुरू नहीं रखा जा सकता, इसलिए सबवे पर काम 1 अक्टूबर 2025 से शुरू होगा। पश्चिम की ओर से दो और पहुंच मार्ग का निर्माण किया जाएगा। रेलवे विभाग से तालमेल बिठाकर पश्चिमी साइड पहुंच मार्ग का निर्माण मार्च 2026 तक और पूर्वी साइड पहुंच मार्ग का निर्माण मई 2026 तक पूरा किया जाए।
बांगर के अनुसार बेलासिस ब्रिज का निर्माण पूरा होने की अवधि अप्रैल 2026 है। हालांकि बांगर ने निर्देश दिया कि इस ब्रिज का निर्माण निर्धारित समय से पहले किया जाए और नवंबर 2025 के अंत तक इसे यातायात के लिए खोल दिया जाए। पुल निर्माण में बाधा बन रही संरचनाओं को हटा दिया गया है। शेष 12 संरचनाओं को तत्काल हटाया जाना चाहिए और प्रभावितों का उचित स्थानों पर पुनर्वास किया जाना चाहिए।
मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन के पास कर्नाक रेलवे फ्लाईओवर का काम अंतिम चरण में है. पूर्व दिशा में 8 गर्डर का निर्माण हो चुका है और 40 में से 5 गर्डर परियोजना स्थल पर पहुंच चुके हैं। बीम लगाने का काम 2 मई 2025 तक पूरा कर लिया जाए। दोनों तरफ पहुंच मार्ग का निर्माण 5 जून 2025 तक और रेलवे खंड की कंक्रीटिंग 7 मई 2025 तक पूरी की जानी चाहिए। पुल के मुख्य यातायात लेन का काम 10 जून 2025 तक पूरा कर लिया जाना चाहिए।