spot_img

Kolkata : वक्फ संशोधन के विरोध में बंगाल में हिंसा

चार जिलों में बवाल, सीएम की शांति की अपील, अब तक 118 गिरफ्तार
कोलकाता : (Kolkata)
पश्चिम बंगाल में वक्फ संशोधन कानून (Waqf Amendment Act) के खिलाफ प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया है। बीते 24 घंटे के भीतर मुर्शिदाबाद, मालदा, हुगली और उत्तर 24 परगना जिलों में हिंसा की घटनाओं ने सरकार और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। सबसे ज्यादा तनाव मुर्शिदाबाद जिले के सूती और जंगीपुर इलाकों में देखा गया, जहां शुक्रवार को हालात बेकाबू हो गए। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि राज्य में यह कानून लागू नहीं होगा।

डीजीपी की सख्त चेतावनी, कहा- संयम को कमजोरी न समझें

राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार (Rajiv Kumar) ने हिंसा पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अगर हालात बिगड़े तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मुर्शिदाबाद के सूती क्षेत्र में हालात काबू से बाहर होने पर पुलिस को चार राउंड फायरिंग करनी पड़ी, जिसमें दो लोग घायल हुए। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर है और इलाके में हालात नियंत्रण में हैं।

118 उपद्रवी गिरफ्तार, सोशल मीडिया पर अफवाहों से सतर्क रहने की अपील

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) जावेद शमीम ने कहा कि हिंसा के पीछे सुनियोजित अफवाहें फैलाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 118 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। कंट्रोल रूम सक्रिय है और पुलिस हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

राज्यपाल ने जताई चिंता, मुख्य सचिव से मांगी रिपोर्ट

राज्यपाल सीवी आनंद बोस (Governor CV Anand Bose) ने जंगीपुर की हिंसा पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार है, लेकिन हिंसा किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने मुख्य सचिव से रिपोर्ट तलब की है और प्रशासन को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

फारक्का में एसडीपीओ घायल, सांसद को भी झेलनी पड़ी भीड़ की नाराजगी

विरोध प्रदर्शन के दौरान मुर्शिदाबाद के फारक्का में एसडीपीओ घायल हो गए, जबकि जंगीपुर के धुलियान में प्रदर्शनकारियों ने तृणमूल सांसद खलीलुर रहमान को घेर लिया और उन पर हमला करने की कोशिश की। उन्हें पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाला।

विपक्ष ने सरकार को घेरा

विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में कट्टरपंथी तत्व कानून व्यवस्था को चुनौती दे रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने सार्वजनिक संपत्तियों के नुकसान और आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठाए।

तीन जिलों में हालात सामान्य, मुर्शिदाबाद में अब भी तनाव

मालदा, हुगली और उत्तर 24 परगना में हालात सामान्य हो गए हैं, लेकिन मुर्शिदाबाद में अब भी तनाव बना हुआ है। वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया जा रहा है।

पुलिस की अपील – अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें

डीजीपी ने आम जनता से संयम बरतने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राज्य में शांति बहाल करना प्राथमिकता है और उपद्रवियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Explore our articles